उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़

Jaunpur Road Accident: होली मिलकर लौट रहे बाइक सवार युवकों को चार पहिया वाहन ने मारी टक्कर, हादसे में दो की मौत!

जौनपुर: सोमवार को जिले में चार पहिया वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक रिश्तेदारी में होली मिलकर वापस लौट रहे थे तभी गुरैनी बाजार में चार पहिया वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, नगर के पोस्ट ऑफिस मोहल्ला निवासी सनोज यादव उर्फ नाटे (38) पुत्र स्व. लालचंद्र यादव और इसी मोहल्ला के दिलीप यादव (30) पुत्र स्व. गोरखनाथ यादव दोपहर बाद क्षेत्र के सफीपुर रिश्तेदारी में होली मिलने गए थे। वापस लौटते समय गुरैनी बाजार में सामने से आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन उनकी बाइक में टक्कर मार कर फरार हो गया।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों घायलों को पीएचसी सोंधी ले गई, जहां दोनों की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है।
बताया जा रहा है कि सनोज नगर मे वेल्डिंग का काम करता था। जबकि, दिलीप आजमगढ़ जनपद के फुलैस में एक निजी स्कूल में ड्राइविंग का काम करता था। थानाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल दोनों बाइक सवार की मौत की जानकारी मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।