नेटवर्क महानगर/मुंबई
अंबरनाथ नगरपालिका चुनाव से ठीक दो दिन पहले शहर में मंगलवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने भाजपा के नगरसेवक पद के प्रत्याशी पवन वालेकर के कार्यालय पर फायरिंग की। इस हमले में पवन वालेकर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके एक सहयोगी को हाथ की अंगुली में चोंट लगने और घायल होने की खबर सामने आ रही है। जिसके लिए उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बाइकसवार दो अज्ञात लोगों द्वारा की गई फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
सबसे खास बात यह है आज शाम ५ बजे गावंदेवी मैदान में बीजेपी उम्मीदवारों के समर्थन में सीएम देवेंद्र फडणवीस की एक रैली होनी है। ऐसे में इस फायरिंग की घटना को लेकर सुरक्षा-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं? यहां चुनाव प्रचार के लिए सिर्फ एक ही दिन शेष बचे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम हमलावरों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल, हमलावरों ने फायरिंग क्यों की? पुलिस इसकी जांच में जुटी है।
