नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एमडी ड्रग्स बेचने वाले आरोपी के घर से सिर्फ नशा ही नहीं, बल्कि जानवरों की हड्डियां, खोपड़ियों की माला और काला जादू करने के सामान भी बरामद हुए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने देर रात 34 वर्षीय निज़ाम शेख के घर पर छापा मारा। निज़ाम शेख एक कुख्यात गिरोह से जुड़ा हुआ है और पहले भी दंगों के मामलों में आरोपी रह चुका है। जांच में खुलासा हुआ है कि कॉलेज के छात्रों को वह MD ड्रग्स सप्लाई करता था। लेकिन ज्यादा हैरानी तब हुई जब पुलिस को उसके घर से काला जादू करने के सामान मिले। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ड्रग्स की बिक्री के साथ-साथ काले जादू और डरावने सामान का इस्तेमाल कर छात्रों में दहशत फैलाता था। वह अपने घर में हड्डियां और खोपड़ियां रखकर माहौल भयावह बनाता था ताकि लोग उसके कब्जे में आएं और वह पैसों की बरसात कर सके। यही नहीं, निज़ाम शेख फल विक्रेता का नकाब पहनकर गली में ड्रग्स का धंधा करता था।
छात्रों को फंसाने के लिए काला जादू का सहारा?
फिलहाल, आरोपी शेख को गिरफ्तार कर लिया गया है और एनडीपीएस (NDPS) कानून के तहत कड़ी कार्रवाई जारी है। लेकिन इस घटना ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है? छत्रपति संभाजीनगर पुलिस की ये कार्रवाई न सिर्फ ड्रग्स के कारोबार को उजागर करती है बल्कि अपराधियों की नई और खतरनाक चालों को भी सामने लाती है।
