नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख और पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने उद्धव ठाकरे को अविश्वासनीय व्यक्ति करार देते हुए कहा कि उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही मनसे-शिवसेना (यूबीटी) गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए राणे ने कहा कि कौन किसके साथ जाता है, यह उनके दल का विषय है।
नितेश राणे ने आरोप लगाया कि मातोश्री पर गए कांग्रेस नेताओं को खुद उद्धव ठाकरे ने बाहर निकाला था। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस, मनसे उम्मीदवार को स्वीकार करेगी? महाराष्ट्र की सियासत में ‘इंडिया गठबंधन’ में मनसे को भी शामिल करने की बात चल रही है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि निकाय चुनाव में मनसे प्रमुख राज ठाकरे ‘इंडिया गठबंधन’ के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे?
जो औरंगजेब की बात करेगा, उसे वापस भेजा जाएगा
मालवणी/धाराशिव में औरंगजेब नारेबाजी पर मंत्री नितेश राणे ने कहा कि हमारा देश हिंदू राष्ट्र है। यहां यदि कोई औरंगजेब का उदारीकरण करेगा, तो उसे पाकिस्तान भेजा जाएगा।
हैदराबाद गजट को लेकर चुनौती पर उन्होंने कहा, लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने की आजादी है। किसी को भी कोर्ट जाने का अधिकार है।
रश्मी शुक्ला-नाना पटोले पर राणे ने कहा, रश्मी शुक्ला के खिलाफ साजिश की जा रही है, यह हम पहले दिन से कह रहे हैं। अब सबके सामने आ गया है। उन्होंने व्यंग्य कसते हुए कहा कि नाना पटोले कितनी बार मुंह के बल गिरेंगे, इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया जाना चाहिए।
OBC आरक्षण से नहीं होगी कोई छेड़छाड़
मंत्री नितेश राणे ने ओबीसी आरक्षण पर आश्वासन को लेकर कहा कि ओबीसी आरक्षण से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी। उन्होंने कोंकण में हुई बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि इस मीटिंग का मुख्य उद्देश्य कोंकण की इकोनॉमी को मजबूत करना है। इस चर्चा में कोंकण को काजू, आम और मछली का एक प्रमुख केंद्र बनाने और जयगढ़ बंदरगाह के विकास पर चर्चा हुई। इसके साथ ही जल परिवहन से जोड़ने के लिए एक डीपीआर तैयार करने पर भी बैठक में विचार किया गया।
