Devendra Fadnavis
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे पर जोरदार हमला बोला है। दरअसल, आदित्य ठाकरे ने वर्ली में पार्टी के कार्यक्रम में अपने विधानसभा क्षेत्र के वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों पर प्रेजेंटेशन दिया था। इस पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि उन्हें ‘महाराष्ट्र का पप्पू’ बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जहां तक मैं आदित्य को जानता हूं और उनसे ‘पप्पूगिरी’ की उम्मीद नहीं थी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जो पूर्व में किया था, जिस तरह से खोदा पहाड़ और चूहा भी नहीं निकला। आदित्य ठाकरे की प्रस्तुति उनकी नकल थी। उन्हें (आदित्य को) महाराष्ट्र का ‘पप्पू’ बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। विपक्ष जो कुछ भी कर रहा है, वह सिर्फ परोक्ष हमला है।
मंत्रालय में मंत्रिमंडल की साप्ताहिक बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जानते हैं कि हार निश्चित है और लोग उनके साथ नहीं हैं। उनका आचरण लोकतंत्र का मजाक उड़ाना है। इस दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह भी बताया कि कैबिनेट ने दिवाली से पहले बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए घोषित 31,628 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि अब तक 8,000 करोड़ रुपये जारी कर 40 लाख किसानों के बैंक खातों में जमा कर दिए गए हैं और मंत्रिमंडल ने मंगलवार को 11,000 करोड़ रुपये और जारी करने को मंज़ूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि यह राशि एक पखवाड़े में किसानों को अंतरित कर दी जाएगी।
यह कोई गलती नहीं, बल्कि धोखाधड़ी है: आदित्य ठाकरे
बता दें कि राज्य में जनवरी तक स्थानीय निकाय चुनाव होना है। इससे पहले आदित्य ठाकरे ने सोमवार, (27 अक्टूबर) को मुंबई के अपने वर्ली विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में विसंगतियों का आरोप लगाया, जिसमें नाम, फोटो, पते में गड़बड़ी शामिल है। शिवसेना (यूबीटी) विधायक ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह कोई गलती नहीं, बल्कि धोखाधड़ी है। उन्होंने कहा कि लड़ाई तब शुरू होगी जब पार्टियों को मतदाता सूची का मसौदा मिल जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के चुनाव से पहले प्रत्येक वार्ड की मतदाता सूची का गहन अध्ययन करने का आग्रह किया।
राज्य में जनवरी 2026 तक स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं
राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव जनवरी 2026 तक पूरे होने हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निर्वाचन आयोग पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया है, जिसका सत्तारूढ़ दल और निर्वाचन आयोग दोनों ने खंडन किया है।
