Chandrashekhar Bawankule
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और बीजेपी के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया है। फडणवीस सरकार में मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर विवादित बयान दिया है। मंत्री बावनकुले ने उद्धव ठाकरे की तुलना अजगर से करके एक नया विवाद पैदा कर दिया है। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की तारीफ की।
बावनकुले ने कहा कि मुंबई को तो निगला है उद्धव ठाकरे जैसे ‘अजगर’ ने। यह घर में बैठे है, रात में दिनभर सोता है और खाता है। इन्होंने पूरे मुंबई को खा डाला है। अमित भाई (अमित शाह) ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक हमारे देश से आतंकवाद खत्म करने के लिए प्रयत्न किया, माओवाद खत्म करने के लिए जिस प्रकार से काम किया है।
हमारे मोदी साहब 11 सालों में देश को कहां से कहां ले गए। आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा है। उनको अगर ‘एनाकोंडा’ कहेंगे तो, ‘एनाकोंडा अजगर’ तो यह लोग हैं। इन्होंने 40 साल में मुंबई को खा डाली है। उद्धव ठाकरे तो ऐसे अजगर हैं, इन्होंने तो खुद की पार्टी भी नहीं रखी। वह भी खा ली। शिवसेना के हक को भी खा लिया।
चुनाव में साबित होती है लीडरशिप
भाजपा नेता बावनकुले ने कहा कि किसी को गलत बोलने से वोट नहीं मिलते। लीडरशिप को प्रूव करने की बात है। लीडरशिप चुनाव में प्रूव होती है। आने वाले चुनाव में मुंबई में ये घर जाने वाले हैं और 51 फीसदी की लड़ाई हम जितने वाले हैं। हमारे एलयांस जितने वाली है। इसीलिए इन्होंने अभी से गाली देकर साख बचाने की कोशिश की है।
एकनाथ शिंदे ने भी किया पलटवार
मंत्री बावनकुले के अलावा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी मंगलवार, (28 अक्टूबर) को उद्धव ठाकरे पर जोरदार हमला बोलते हुए उनकी तुलना एक ऐसे ‘एनाकोंडा’ से की कि ‘एनाकोंडा’ की भूख कभी खत्म नहीं होती और जो मुंबई के खजाने पर कुंडली मारकर बैठा हुआ है।
उद्धव ठाकरे ने अमित शाह को क्या कहा था?
बता दें कि शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे पार्टी (UBT) के पक्षप्रमुख ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को ‘एनाकोंडा’ कहा था, जो मुंबई को निगलना चाहता है। इसके बाद उनपर महायुति के नेता जमकर पलटवार कर रहे हैं। उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की इस टिप्पणी पर भी निशाना साधा कि जो लोग परियोजनाओं का विरोध कर रहे हैं, वे शहरी नक्सली हैं, जिन्होंने विकास का विरोध करने की सुपारी ली है। इस पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि तो मैं कहता हूं कि वह (मुख्यमंत्री फडणवीस) एक आतंकवादी हैं, जिन्होंने विकास कार्यों के नाम पर ठेकेदारों से सुपारी ली है। उद्धव ने पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिए बिना उनका ज़िक्र करते हुए कहा कि दो व्यापारियों की नज़र मुंबई पर है। उन्होंने कहा, मैंने ‘सामना’ में दो ख़बरें पढ़ीं। पहले पन्ने पर भाजपा कार्यालय के उद्घाटन की ख़बर थी और दूसरे पन्ने पर एक ख़बर थी, जिसमें कहा गया था कि जल्द ही जीजामाता पार्क में एक ‘एनाकोंडा’ आएगा…एनाकोंडा एक ऐसा सांप है जो सब कुछ निगल जाता है, और आज वह यहां आया और उसने (भाजपा कार्यालय का) भूमि पूजन किया। वह मुंबई को निगलना चाहता है। क्या आप उसे मुंबई को निगलने देना चाहते हैं?
