नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को शनिवार, (4 जुलाई) को ठाणे के जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें कल (शुक्रवार) से हल्का बुखार, शरीर में दर्द और थकान शिकायत थी, जिसके बाद एहतियात के तौर पर डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है।
अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे का रूटीन चेकअप किया जा रहा है। उनकी हालत स्थिर है और घबराने की कोई बात नहीं है। दरअसल, उपमुख्यमंत्री शिंदे शुक्रवार से ही अस्वस्थ महसूस कर रहे थे. जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें रूटीन मेडिकल जांच कराने की सलाह दी थी। अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है और कई जरुरी टेस्ट किए जा रहे हैं।
फिलहाल, अस्पताल या उपमुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही शिंदे के स्वास्थ्य के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की जा सकती है।
इधर शिवसेना के वरिष्ठ नेता और सरकारी अधिकारी अस्पताल के डॉक्टरों के संपर्क में हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि उपमुख्यमंत्री शिंदे उपचार पर अच्छी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और मेडिकल जांच पूरी होने के बाद जल्द अपने काम पर लौटेंगे।
बता दें कि महाराष्ट्र के विधानभवन में मानसून सत्र अधिवेशन चल रहा है और यहां लगातार हो रही बरसात के चलते वायरल संक्रमण, मौसमी फ्लू और थकान से संबंधित बीमारियां आमतौर पर देखी जाती हैं। लोगों को अक्सर इस मौसम में इस तरह की शिकायत होती है। एकनाथ शिंदे को भी बीते दिन इसी तरह की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिंदे समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
