नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) अध्यक्ष राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक्स पर एक खुला पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चिंता जताई है और सत्ता पक्ष के नेताओं के व्यवहार पर सवाल उठाएं हैं। उन्होंने कहा है कि केंद्र की सत्ता में बैठे बीजेपी के नेता का अहंकार बढ़ गया है और यह बात पूरा देश खुलकर कह रहा है। अब इसका प्रभाव महाराष्ट्र में भी देखने को मिल रहा है।
मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस को घेरते हुए कहा कि पूरे देश से अलग महाराष्ट्र के नेताओं की समझदारी, शालीनता और राजनीतिक संस्कृति की हमेशा सराहना की जाती रही है, लेकिन पिछले कुछ सालों में आपने भी कुछ पिछड़े सोच वाले उत्तर के राज्यों की राजनीति का रास्ता अपना लिया है। उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम से जुड़े विवाद पर लिखा कि मुख्यमंत्री फडणवीस की चुप्पी ने नेताओं को परिणामों के डर के बिना पूरी तरह से बेतुके बयान देने के लिए प्रोत्साहित किया है।
राज ठाकर ने देवेंद्र फडणवीस पर सवाल दागते हुए लिखा- केंद्रीय नेता अपनी मनमानी कर रहे हैं और इसके खिलाफ लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है, लेकिन क्या यह बीमारी अब हमारे राज्य में भी फैल गई है और आप इसे फैलने दे रहे हैं? पिछले कुछ सालों में, यह बहुत दु:ख की बात है कि आप उत्तर के उन पिछड़ी सोच वाले राज्यों के बराबर आने लगे हैं!
मुंबई बीजेपी अध्यक्ष और विधायक अमित साटम से जुड़े विवाद पर कटाक्ष कर उन्होंने लिखा- आपके एक विधायक और ऑफिस के सहयोगी लोगों की मौत पर मुस्कुराते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया जाता है। राज ने एक कहावत का उदाहरण देते हुए लिखा- सत्ता इंसान को भ्रष्ट करती है और निरंकुश सत्ता पूरी तरह भ्रष्ट कर देती है। वर्तमान में बीजेपी के नेता इसके बेहतरीन उदाहरण हैं।
देवेंद्र फडणवीस को समझता था सभ्य और संवेदनशील: राज ठाकरे
राज ठाकरे ने पत्र में आगे लिखा कि वो देवेंद्र फडणवीस को सभी की तरह एक सभ्य और संवेदनशील मुख्यमंत्री मानते थे, लेकिन साटम की हरकत के बावजूद आपने इस पर कोई दुख नहीं जताया न अफसोस। इससे फडणवीस की संवेदनशीलता पर कई सवाल उठते हैं। राज ने कहा कि उन्होंने अपने 37 सालों के राजनीतिक करियर में कभी ऐसा नहीं देखा जब बालासाहेब, पवारसाहेब या प्रमोदजी जैसे महाराष्ट्र के किसी बड़े नेता ने किसी नेता की गलती का बचाव किया हो। इसी कारण महाराष्ट्र की पॉलिटिक्स की पूरे देश में अलग दिखाई देती है।
अपनों को बचाकर फडणवीस महाराष्ट्र की छवि कर रहे खराब: राज ठाकरे
राज ठाकरे ने कहा कि आज देवेंद्र फडणवीस जिस तरह से अपनों को बचा रहे हैं उससे महाराष्ट्र की छवि खराब हो रही है। अगर देवेंद्र फडणवीस ने आवाज उठाई होती तो उनके नेता की इस तरह की हिम्मत नहीं होती। उन्होंने देवेंद्र फडणवीस को साटम जैसे नेताओं से इस्तीफा मांगने की सलाह दी और थोड़ी सख्ती दिखाने को कहा जिससे इस तरह के असवेंदनशील नेता लाइन पर आ जाएंगे। राज ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र के लोगों को हमेशा अपने मुख्यमंत्री से सही दिशा और स्पष्ट संदेश की उम्मीद रहती है, भले ही वो किसी भी पार्टी का हो, आप उस उम्मीद को न तोड़ें, वरना देवेंद्र फडणवीस को सिर्फ अपने सगे-संबंधियों की गलतियों का बचाव करने वाले भाई के रूप में याद किया जाएगा और सबसे बुरी बात यह होगी कि इससे महाराष्ट्र की राजनीति में गलत मिसाल कायम होगी। सच तो यह है कि आपको ऐसे बेशर्मी भरे व्यवहार करने वालों से इस्तीफे की मांग करनी चाहिए। लेकिन मुझे नहीं पता कि आप ऐसा क्यों नहीं कर रहे हैं? इसे करो। एक बार दिखा दो कि फडणवीस मनमानी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करता है, और सब लोग सुई के धागे की तरह उसके पीछे-पीछे चलने लगेंगे। राज ठाकरे ने अंत में कहा कि आप ‘बुद्धिमान’ हैं। हमें आपसे उम्मीदें है- राज ठाकरे
बता दें कि मुंबई में मानसून के कहर के कारण दो लोगों की अलग-अलग घटनाओं में मौत हो चुकी है। इस पर मुंबई बीजेपी अध्यक्ष और विधायक अमित साटम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो मौत पर मुस्कुराते हुए कह रहे हैं कि कल एक पेड़ की वजह से था, आज एक मैनहोल है। फिलहाल, इस संवेदनहीनता पर अमित साटम विवादों में है, लेकिन इस पर फडणवीस की अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
