Solapur Malshiras Accident
नेटवर्क महानगर/सोलापुर
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के मालशिरस से रविवार को एक दुखद खबर सामने आई है। यहां एक पिकअप गाड़ी कुएं में गिर गई। इस हादसे में गाड़ी में सवार आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि प्रशासन और स्थानीय लोगों ने छह अन्य लोगों को बचा लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गई।
कहां हुअ हादसा?
यह हादसा मालशिरस तालुका में म्हास्वद-पंढरपुर रोड पर तंदुलवाड़ी गांव के पास हुआ। कुआं सड़क से सटे एक खेत में स्थित है। इसकी मुंडेर (बाउंड्री वॉल) ऊंची नहीं थी और यह पानी से लबालब भरा हुआ था। तीर्थयात्रियों की पिकअप गाड़ी इसी कुएं में गिर गई। हालांकि, हादसे का सही कारण अभी पता नहीं चला है, लेकिन इस हादसे में आठ लोगों की हुई मौत ने पूरे महाराष्ट्र को सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि पिकअप वैन का ब्रेक फेल हो गया और संतुलन बिगड़ने से वह सड़क किनारे एक कुएं में गिर गया। स्थानीय पुलिस और प्रशासन घटना स्थल पर मौजूद है। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।
सिद्धनाथ मंदिर से लौट रहे थे लोग
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रंजनीगांव के 14 लोग म्हास्वद में सिद्धनाथ मंदिर जाने के लिए पिकअप गाड़ी में गए थे। वहां दर्शन करने के बाद गांव लौटते समय यह हादसा हुआ, जिसमें आठ लोगों की दुखद मौत हो गई। खबर मिलते ही घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस और अन्य सुरक्षा टीमें भी मौके पर पहुंचीं। कई जन-प्रतिनिधि घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। हादसे की खबर से पूरे इलाके में शोक व्याप्त है।

सांसद ने जताया दुख
सांसद धैर्यशील मोहिते पाटिल ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मालशिरस तालुका में हुए हादसे में कई लोगों की जान गई है। मैं अभी घटनास्थल पर जा रहा हूं और हम यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश करेंगे कि पीड़ितों को जल्द से जल्द सरकारी मदद मिले।
हादसे में 4 बच्चों और 4 महिलाओं की मौत!
वहीं, स्थानीय विधायक उत्तम जानकर ने भी इस घटना पर दुःख प्रकट करते हुए कहा कि यह घटना तंदुलवाड़ी से चार किलोमीटर दूर सड़क किनारे बने एक कुएं में हुई। यह वाकई एक दुखद घटना है। गाड़ी में चार बच्चे और चार महिलाएं सवार थीं। खबरों के मुताबिक, उनकी मौत हो गई है, जबकि दो पुरुष बच गए हैं। मैं घटनास्थल के लिए निकल चुका हूं और वहां पहुंचने के बाद और जानकारी दूंगा।
सोलापुर के पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी ने बताया कि 15 लोगों को ले जा रही एक पिकअप वैन का चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, और वाहन सड़क किनारे बने एक कुएं में गिर गया। इस हादसे में चार महिलाओं और चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि वाहन को कुएं से बाहर निकाला जा रहा है और घायलों को इलाज हेतु अस्पताल ले जाया गया है।
मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा- सोलापुर जिले के मालशिरस तालुका के टंडलवाड़ी में हुई घटना बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली है, जहां एक निजी खेत में बने कुएं में गाड़ी गिरने से कुछ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं। राहत की बात है कि सात लोगों की जान बचा ली गई है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, और हम स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं। राज्य सरकार इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देगी।
