नेटवर्क महानगर/अमरावती
अमरावती ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने गुटखा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में प्रतिबंधित गुटखे का बड़ा जखीरा और उसकी ढुलाई में इस्तेमाल किया जा रहा ट्रक जब्त किया गया है। पुलिस ने कुल लगभग 55 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि नागपुर से अमरावती की ओर एक ट्रक में प्रतिबंधित गुटखे की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर संदिग्ध ट्रक को रोका और उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस के मुताबिक, जब्त गुटखे की कीमत करीब 29 लाख रुपये और ट्रक की कीमत लगभग 26 लाख रुपये है। इस प्रकार कुल 55 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और गुटखा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
