mira bhayandar crime news
नेटवर्क महानगर/भायंदर
मीरा-भायंदर इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। मीरा-भायंदर, वसई-विरार (MBVV) पुलिस और क्राइम डिटेक्शन ब्रांच यूनिट 4 ने ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इस कार्रवाई में 6.773 किलोग्राम मेफेड्रोन (MD) जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹13.61 करोड़ बताई जा रही है। यह ऑपरेशन 4 मई को शुरू हुआ था, जब पुलिस इंस्पेक्टर प्रमोद बदख की टीम को एक विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया था कि मीरा रोड के नया नगर इलाके स्थित चेड्डा आदर्श बिल्डिंग में भारी मात्रा में ड्रग्स का भंडारण किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ जारी विशेष मुहिम के तहत क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में बड़े पैमाने पर सिंथेटिक ड्रग्स की सप्लाई की जा रही है। इसके बाद विशेष टीम गठित कर निगरानी शुरू की गई। जांच के दौरान संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखकर छापा मारा गया, जहां से भारी मात्रा में मेफेड्रोन (MD) बरामद हुआ।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई आरोपियों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह मुंबई महानगर क्षेत्र और आसपास के शहरों में ड्रग्स सप्लाई करने में सक्रिय था। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चैन की जांच कर रही है।
वहीं, जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ₹13.61 करोड़ बताई जा रही है। मामले में NDPS Act के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को शक है कि इस सिंडिकेट के तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। हाल के महीनों में मुंबई और आसपास के इलाकों में ड्रग्स के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स एजेंसियां सिंथेटिक ड्रग्स नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई कर रही हैं।
