mumbai railway news
नेटवर्क महानगर/मुंबई
रेलवे पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने और कार्यभार कम करने के उद्देश्य से मुंबई रेलवे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में नए पुलिस स्टेशनों की स्थापना की जा रही है। इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) और आसनगांव रेलवे पुलिस स्टेशनों का निर्माण पूरा कर इन्हें कार्यान्वित किया गया। साथ ही दादर और पनवेल रेलवे पुलिस स्टेशनों की नई सुसज्जित इमारतों का भी उद्घाटन रेलवे पुलिस महासंचालक प्रशांत बुरडे और रेलवे पुलिस आयुक्त राकेश कलासागर के हाथों संपन्न हुआ।
इस मौके पर आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला, पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी परिमंडल) सुनीता ठाकरे, पुलिस उपायुक्त (मध्य परिमंडल) प्रज्ञा ज़ेडगे, एसीपी (अपराध शाखा) राजेंद्र रनमाले, एसीपी (सीएसएमटी डिवीजन) सुधाकर शिरसाठ, एसीपी (कल्याण डिवीजन) नंदराज पाटिल, एसीपी (हार्बर डिवीजन) नीलिमा कुलकर्णी, एसीपी (बांद्रा डिवीजन) किशोर शिंदे, एसीपी (वसई डिवीजन) मनीषा रावखंडे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संभाजी यादव और कुंजबिहारी सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रेलवे पुलिस पर बढ़ेगा अतिरिक्त भार
बता दें कि वर्तमान में मुंबई रेलवे पुलिस बल के अधीन 17 पुलिस स्टेशन कार्यरत हैं, लेकिन बढ़ती आबादी और यात्रियों की संख्या की तुलना में उपलब्ध जनशक्ति अपर्याप्त है। नतीजतन पुलिसकर्मियों पर कार्यभार लगातार बढ़ रहा है। इसी कारण रेलवे पुलिस ने पांच नए स्टेशन स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिनमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस और आसनगांव सबसे पहले कार्यान्वित किए गए हैं।
