नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के वर्ली इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पड़ोसियों के बीच हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दो भाइयों ने एक 48 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हुसैन मोहम्मद उमर शेख के रूप में हुई है। जबकि, आरोपियों के नाम योगेश धीवर (43) और समीर धीवर (40) हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वर्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना बीडीडी चॉल क्षेत्र में हुई, जहां मृतक हुसैन और आरोपी भाई पड़ोसी थे। पुलिस ने बताया कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब हुसैन ने कथित तौर पर योगेश धीवर की बेटी के साथ मारपीट की। इस बात से गुस्साए योगेश और उसके भाई समीर ने मिलकर हुसैन पर हमला कर दिया। मामूली झड़प देखते ही देखते हिंसक रूप ले ली। दोनों भाइयों ने हुसैन को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। हुसैन को तुरंत नजदीकी नायर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
14 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में आरोपी
पुलिस के मुताबिक, हुसैन की मौत पीटने के कारण हुई चोटों से हुई। मृतक हुसैन वर्ली के बीडीडी चॉल नंबर 15 में रहता था और मिक्सर ग्राइंडर रिपेयर का काम करता था। वहीं, आरोपी योगेश एक अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में कार्यरत है, जबकि उसका भाई समीर पास के चॉल नंबर 14 में रहता है। वर्ली पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों, योगेश और समीर धीवर को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों भाइयों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस गवाहों से कर रही पूछताछ
पुलिस इस मामले की गहन जांच करते हुए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद के पीछे की सटीक वजह क्या थी और क्या इसमें कोई पुरानी रंजिश भी शामिल थी? स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीडीडी चॉल क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच छोटे-मोटे विवाद आमबात हैं, लेकिन इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। वहीं, पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी विवाद को कानूनी तरीके से सुलझाने की अपील की है। इस मामले में आगे की जांच जारी है, और पुलिस अन्य गवाहों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सके।
