नेटवर्क महानगर/मुंबई
भाजपा ने बिहार कांग्रेस पार्टी पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के बारे में एक अपमानजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के लिए AI सिस्टम का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। पीएम मोदी और उनकी मां से मिलता-जुलता एक एआई (AI) वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ये नया विवाद खड़ा हो गया है। यह वीडियो बिहार कांग्रेस के आधिकारिक पेज पर पोस्ट किया गया था। इसके बाद पूरे महाराष्ट्र में बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
कल्याण के काटेमानवली इलाके में बीजेपी महिला मोर्चा की ओर से शनिवार को जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में विरोध के पोस्टर लेकर ‘माताजी का ये अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’, ‘शर्म करो-शर्म करो, कांग्रेस पार्टी शर्म करो’, ‘महिला के सम्मान में बीजेपी मैदान में’ जैसे नारे लगाए।
बीजेपी नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस ने दोबारा ऐसा कृत्य किया तो इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस का यह कृत्य बेहद निंदनीय है। मातृशक्ति का अपमान हिंदुस्तान कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगा। कांग्रेस को तुरंत देश से माफी मांगनी चाहिए।

रायगढ़ जिला भाजपा महिला मोर्चा ने भी निकाली रैली
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक चित्राताई वाघ के मार्गदर्शन में, भाजपा महिला मोर्चा दक्षिण रायगढ़ जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। इस कृत्य की सार्वजनिक रूप से नारेबाजी कर कड़ी निंदा की गई। इस दौरान अलीबाग वडखल मुख्य मार्ग पर रैली के कारण कुछ देर के लिए यातायात जाम हो गया। इस दौरान सांसद धैर्यशील पाटिल, पनवेल के विधायक प्रशांत ठाकूर, पूर्व विधायक पंडित पाटिल उपस्थित रहे।
