नेटवर्क महानगर/मुंबई
बॉलीवुड से एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले कई दिनों से ब्रीच कैंडी अस्पताल में एडमिट भारतीय सिनेमा के ‘हीमैन’ कहे जाने वाले एक्टर लेजेंड्री स्टार धर्मेंद्र को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और अब वह अपने घर पहुंच गए हैं। धर्मेंद्र एक एम्बुलेंस में घर आए और उनके साथ बेटे बॉबी देओल एम्बुलेंस के पीछे-पीछे गाड़ी में सवार थे। धर्मेंद्र को अस्पताल से बुधवार सुबह 7.30 बजे छुट्टी दे दी गई। 89 साल के एक्टर सांस लेने की तकलीफ के कारण बीते 12 दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। अब घर पर ही वे अपना स्वास्थ्य लाभ जारी रखेंगे। परिवार ने भी इस बाबत ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया है।
11 नवंबर को धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल की टीम ने धर्मेंद्र का लेटेस्ट हेल्थ अपडेट शेयर किया था। टीम ने बताया कि दिग्गज अभिनेता की हालत में सुधार हो रहा है और इलाज का उन पर पॉजिटिव असर हो रहा है। उन्होंने सभी से उनकी अच्छी हेल्थ और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करने की रिक्वेस्ट की। टीम ने अपने स्टेटमेंट में कहा कि सर ठीक हो रहे हैं और इलाज का उन पर असर हो रहा है। आइए हम सब उनकी अच्छी हेल्थ और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करें।
इस बीच धर्मेंद्र के परिवार ने हेल्थ अपडेट जारी करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। परिवार ने फैंस से अपील की है कि वह प्रार्थना करें, ताकि एक्टर जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।
इससे पहले बीते दो दिनों से अस्पताल में धर्मेंद्र से मिलने वालों का तांता लगा रहा। सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान से लेकर गोविंदा और परिवार के लोग लगातार धर्मेंद्र का हाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।
परिवार ने कहा, हम मीडिया और आम जनता से अनुरोध करते हैं कि वे आगे कोई भी अटकलबाज़ी न करें और इस दौरान उनकी और उनके परिवार की निजता का सम्मान करें। हम सभी के प्यार, प्रार्थनाओं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए शुभकामनाओं के आभारी हैं। कृपया उनका सम्मान करें क्योंकि वह आपसे प्यार करते हैं।
धर्मेंद्र के घर के बाहर जमा हो रहे फैंस, चेहरे पर फेवरेट एक्टर के लिए चिंता और खुशी एकसाथ
सुपरस्टार धर्मेंद्र को अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटने पर उनके जुहू स्थित घर के बाहर बड़ी तादात में फैंस जमा हो रहे हैं। उनके हाथों में तख्तियां हैं, जिन पर धर्मेंद्र की सलामती के लिए दुआ है। फैंस के चेहरे पर जहां धर्मेंद्र की घर वापसी की खुशी है, वहीं उनकी सेहत को लेकर चिंता भी बनी हुई है।
