Nagpur SBL blast
नेटवर्क महानगर/नागपुर
नागपुर जिले के राउलगांव स्थित एक एक्सप्लोसिव फैक्ट्री में रविवार, (1 मार्च 2026) को हुए विस्फोट में 17 लोगों की मृत्यु हो गई है। यहां कटोल तहसील के राउलगांव स्थित ‘एसबीएल एनर्जी लिमिटेड’ कम्पनी में विस्फोटक डेटोनेटर और एक्सप्लोसिव बनाए जाते थे। जहां रविवार तड़के सुबह अचानक विस्फोट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में17 लोगों की मृत्यु हो गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।
महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत और बचाव के समुचित इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने घायलों को बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए हैं। परिवार को सरकार द्वारा उचित सहायता का भी आश्वासन दिया गया है।
CM देवेंद्र फडणवीस का बयान
सोशल मीडिया अकाउंट पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने दुःख जताते हुए पोस्ट किया- नागपुर जिले के राउलगांव में एक एक्सप्लोसिव फैक्ट्री में धमाके की घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है। मैं लोकल एडमिनिस्ट्रेशन के लगातार कॉन्टैक्ट में हूं। डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर और सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। NDRF और SDRF की टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। PESO और DISH की टीमें भी पहुंच गई हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है, और अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है। मैं मरने वालों को दिल से श्रद्धांजलि देता हूं। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं।
आगे उन्होंने बताया कि इस घटना में 18 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत नागपुर शिफ्ट कर दिया गया है। मैं भगवान से उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। इस घटना की पूरी जांच के ऑर्डर दे दिए गए हैं।
खनन और औद्योगिक विस्फोटक बनाती है फैक्ट्री
बता दें कि एसबीएल एनर्जी लिमिटेड कंपनी खनन और औद्योगिक उपयोग के लिए विस्फोटक सामग्री बनाती है। रविवार सुबह करीब 6:45 बजे डेटोनेटर पैकिंग या क्रिम्पिंग यूनिट में अचानक विस्फोट हुआ, जिससे भयंकर आग लग गई और इमारत का हिस्सा ढह गया। उस समय शिफ्ट में लगभग 35-40 मजदूर काम कर रहे थे। धमाका इतना जोरदार था कि दूर-दूर तक सुनाई दिया और आसपास के इलाकों में कंपन महसूस किया गया। मृतकों में कई महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि कुछ लोग अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।
मंत्री नितिन गडकरी ने जताया दु:ख!
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में हुए विस्फोट में 17 लोगों की मौत पर दु:ख जताया है और इस संबंध में एक पोस्ट भी साझा किया है। उन्होंने एक्स पर किए गए पोस्ट में लिखा- नागपुर जिले के कटोल के राउतलगाव गांव में मौजूद विस्फोटक बनाने वाली कंपनी SBL एनर्जी में हुए भयानक धमाके में 17 मजदूरों की मौत की दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बहुत दिल दहला देने वाली है। मरने वाले मजदूरों को मेरी दिल से श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं। घायल लोग जल्द ठीक हों, भगवान के चरणों में यही मेरी प्रार्थना है।
