ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

PFI के खिलाफ एटीएस का बड़ा एक्शन, महाराष्ट्र प्रमुख को दबोचा, देश विरोधी साजिश रचने का आरोप

मुंबई: महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) का पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के खिलाफ एक्शन जारी है। एटीएस की टीम ने देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में पीएफआई (PFI News) के महाराष्ट्र अध्यक्ष शेख नासीर शेख साबेर उर्फ नदवी को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने 37 वर्षीय आरोपी नदवी को 2 अक्टूबर तक के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया है। वह औरंगाबाद के बायजीपुरा का निवासी बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आतंकवाद निरोधी दस्ते ने पहले ही पीएफआई संगठन से जुड़े शेख इरफान शेख सलीम उर्फ मौलाना इरफान मिल्ली, सैयद फैजल सैयद खालील, परवेज खान मुजमिल खान, अब्दुल हादी, अब्दुल रऊफ को गिरफ्तार किया था। जबकि महाराष्ट्र पीएफआई के मुखिया शेख हैं की जांच चल रही थी। अंतत: उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शेख के खिलाफ देश विरोधी साजिश रचने का आरोप है। उसे विशेष एटीएस अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने शेख को नौ दिन की हिरासत में भेज दिया है। जांच एजेंसी को इस मामले में आतंकी फंडिंग का भी शक है।
गुरुवार को एटीएस ने राज्य से पीएफआई के 20 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई उस समय हुई जब, केंद्रीय जांच एजेंसियां देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने और समुदायों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा देने की गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल संदिग्धों के खिलाफ 11 राज्यों में छापेमारी कर रही थी।
एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र एटीएस के विभिन्न दलों ने मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, औरंगाबाद, पुणे, कोल्हापुर, बीड़, परभणी, नांदेड, नासिक जिले के मालेगांव और जलगांव में छापेमारी की। इस दौरान 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए।