दिल्लीदेश दुनियाब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

Russia Ukraine War: भीषण लड़ाई के बीच यूक्रेन के 1.20 लाख लोगों ने किया पलायन

नयी दिल्ली: यूक्रेन से 219 भारतीयों को लेकर पहली निकासी उड़ान मुंबई पहुंच गई है। एयर इंडिया का यह विमान शनिवार दोपहर को रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से रवाना हुआ था। मुंबई एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सुरक्षित लौटे सभी यात्रियों का स्वागत किया।

बताया जा रहा है कि यूक्रेन में 16 हजार से ज्यादा भारतीय फंसे हुए थे। जिनमें मुख्य रूप से छात्र शामिल हैं। यह जानकारी विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने 24 फरवरी को दी थी। यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को बताया था कि वो रोमानिया और हंगरी के जरिए निकासी मार्ग स्थापित करने के लिए काम कर रहा है।

संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी ने शनिवार को कहा कि रूसी हमले की वजह से अब तक लगभग 1.20 लाख लोगों ने यूक्रेन से पड़ोसी देशों में पलायन किया है। यह संख्या तेजी से बढ़ रही है। आशंका है कि अगर स्थिति और बिगड़ती है तो यह संख्या 40 लाख तक पहुंच सकती है। रायटर के मुताबिक, शनिवार सुबह पोलैंड के उप गृहमंत्री पावेल स्जेफर्नकर ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद लगभग एक लाख लोगों ने पोलैंड में प्रवेश किया है।
एपी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आइसीसी)के अभियोजक ने कहा है कि वे यूक्रेन पर रूस के हमले की निगरानी कर रहे हैं। युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों पर मुकदमा चलाना आइसीसी के अधिकार क्षेत्र में है, हालांकि, अभियोजक करीम खान ने स्वीकार किया कि उस मुद्दे की फिलहाल जांच नहीं कर सकते।

रूस ने स्थानीय मीडिया को यूक्रेन युद्ध के कवरेज को लेकर चेताया
रायटर के मुताबिक, रूस के संचार नियामक ने शनिवार को 10 स्थानीय मीडिया संस्थानों को चेतावनी दी है। इन संस्थानों पर रूस के सैन्य अभियान को गलत तरीके से दिखाने का आरोप लगाया गया है। जिन संस्थानों को नोटिस भेजा गया है उनमें रेडियो स्टेशन इको मोस्किवी और एक समाचार पत्र नोवाया गजेटा है। इस समाचार पत्र के प्रधान संपादक दिमित्री मुराटोव को पिछले साल नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

यूक्रेन की मदद के लिए गोला बारूद भेजेगा स्लोवाकिया
रायटर के मुताबिक, संकटग्रस्त यूक्रेन की मदद के लिए स्लोवाकिया 11 मिलियन यूरो (लगभग 93 करोड़ रुपये ) के गोला बारूद और ईधन की आपूर्ति करेगा। स्लोवाकिया के रक्षा मंत्री मंत्री ने शनिवार को यह जानकारी दी है।

कीव के मेयर ने कफ्र्यू की अवधि बढ़ाई
एपी के अनुसार कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर कहा कि कफ्र्यू की अवधि शाम पांच बजे से सुबह आठ बजे तक कर दी गई है। कफ्र्यू के दौरान सड़क पर मौजूद सभी नागरिकों को दुश्मन के टोही समूहों का सदस्य माना जाएगा। दो दिन पहले लगाए गए कफ्र्यू की अवधि रात 10 बजे से सुबह सात बजे तक थी।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पीएम मोदी से की बात
रूस और यूक्रेन के बीच चल रही भीषण लड़ाई के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से फोन पर बात की है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी है। इस बातचीत में उन्‍होंने पीएम मोदी को यूक्रेन की ओर से रूसी हमले और यूकेनी सैनिकों की जवाबी कार्रवाई के बारे में अवगत कराया है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से यूएनएससी में यूक्रेन का समर्थन करने और हमलावरों को रोकने के लिए साथ देने की गुजारिश भी की है। प्रधानमंत्री ने इस लड़ाई के चलते जानमाल के भारी नुकसान पर गहरी पीड़ा व्यक्त की। पीएम मोदी हिंसा की समाप्ति और बातचीत के लिए अपने आह्वान को दोहराया। साथ ही शांति प्रयासों में हर संभव मदद करने की इच्छा जताई।