नेटवर्क महानगर/ नमी जायसवाल
यदि आप अपनी बेटी के भविष्य को सुरक्षित करना चाहते हैं, तो ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ (SSY) आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। इस योजना में निवेश करके आप छोटी-छोटी रकम से बड़ा फंड इकक्ठा कर सकते हैं, जो आगे चलकर आपकी लाडली की पढ़ाई, शादी या अन्य जरूरतों में काम आ सकता है। खाता खुलवाते वक्त बेटी की उम्र 10 साल या उससे कम होनी चाहिए। एक परिवार में अधिकतम 2 बेटियों के लिए खाता खुलवाया जा सकता है।
यहां समझिए कितना करना है इनवेस्टमेंट?
मान लीजिए आप हर साल ₹35,000 अपनी बेटी के नाम पर इस योजना में जमा करते हैं। अगर आप लगातार 15 साल तक निवेश करते हैं, तो कुल जमा राशि ₹5,25,000 होगी। चौंकाने वाली बात ये है कि 21 साल बाद यानी मैच्योरिटी पर आपको करीब ₹16,16,435 मिल सकते हैं। ये रकम पूरी तरह टैक्स-फ्री होती है और सरकार की गारंटी के साथ आती है। ये योजना खासतौर पर उन माता-पिता के लिए है, जो अपनी बेटी के भविष्य को लेकर गंभीर हैं और चाहते हैं कि समय आने पर उन्हें आर्थिक रूप से कोई परेशानी न हो। ये एक सुरक्षित और भरोसेमंद विकल्प है, खासकर उन लोगों के लिए जो शेयर बाजार या जोखिम वाली योजनाओं में निवेश नहीं करना चाहते हैं।
कैसे करें सुकन्या समृद्धि योजना में इनवेस्टमेंट?
सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) में निवेश करना बेहद आसान है और यह आपकी बेटी के भविष्य के लिए एक सुरक्षित और फायदेमंद विकल्प है। यहां जानिए- स्टेप-बाय-स्टेप गाइड…
सबसे पहले सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खोलने के लिए आप किसी भी नजदीकी पोस्ट ऑफिस या सरकारी/प्राइवेट बैंक (जैसे SBI, PNB, HDFC, ICICI) में जा सकते हैं।
यहां बेटी का जन्म प्रमाण पत्र, माता-पिता या अभिभावक का पहचान पत्र (जैसे आधार या पैन कार्ड), निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और सुकन्या समृद्धि योजना खाता खोलने का फॉर्म जमा करना होता है।
इस योजना में सालाना ₹250 से ₹1.5 लाख तक निवेश किया जा सकता है, जिसे एकमुश्त या किस्तों में जमा किया जा सकता है। निवेश की अवधि 15 साल होती है, लेकिन खाता 21 साल में मैच्योर होता है।
वर्तमान में योजना पर लगभग 8.2% ब्याज मिलता है, जो तिमाही रूप से कंपाउंड होता है और मैच्योरिटी पर मिलने वाली राशि पूरी तरह टैक्स-फ्री होती है, इसके साथ ही निवेश पर धारा 80C के तहत टैक्स छूट भी मिलती है।
