उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

TRP Scam: मिर्जापुर में बैठे-बैठे मुंबई में चैनलों की टीआरपी बढ़ाता था विनय, गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई क्राइम ब्रांच और यूपी की कछवां पुलिस ने मुंबई के टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट (टीआरपी) घोटाले में सोमवार को मिर्जापुर के तुलापुर से गिरफ्तार आरोपी विनय त्रिपाठी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से ट्रांजिट रिमांड पर लेने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम हवाई जहाज से आरोपी को लेकर मुंबई आ गई। इससे पूर्व एएसपी सिटी संजय कुमार ने पत्रकार वार्ता कर आरोपी के बारे में जानकारी दी।
बता दें कि टीआरपी घोटाले की जांच-पड़ताल में मुंबई पुलिस को पता चला कि एक आरोपी मिर्जापुर के कछवां थाना क्षेत्र के अपने गांव तुलापुर में है। इस पर मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट-1 के उपनिरीक्षक सुभाष मठे, हेड कांस्टेबल जितेंद्र क्षेड़गे और कांस्टेबल विनोद मादले सोमवार को मिर्जापुर पहुंचे थे।
यहां एसपी को जानकारी देने के बाद टीम कछवां गई। कछवां थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र राय की टीम के साथ मुंबई क्राइम ब्रांच ने शाम को तुलापुर गांव से आरोपी विनय त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया।

मंगलवार को एएसपी सिटी संजय कुमार ने पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा किया। एएसपी सिटी ने बताया कि आरोपी विनय त्रिपाठी के माता-पिता मुंबई में ही रहते हैं। उसकी पढ़ाई भी वहीं से हुई है। आरोपी मुंबई में ‘हंसा कंपनी’ में ऑपरेटर है, जो टीआरपी रेटिंग मशीन बैरोमीटर लगाने का काम करती है।
टीआरपी रेटिंग बढ़ाने के लिए घरवालों को पैसा देकर ऑपरेटर की मर्जी से घरवालों को निश्चित चैनल देखने के लिए कहा जाता है। जिस वजह से चैनल की टीआरपी बढ़ जाती है।
आरोपी पर मुंबई के कांदिवली थाने में धोखाधड़ी, षड्यंत्र और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। दोपहर में कोर्ट में पेश कर क्राइम ब्रांच टीम ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर फ्लाइट से मुंबई गई।

एएसपी सिटी ने बताया कि लॉकडाउन के चलते वह परिवार संघ मुंबई से अपने घर चला आया था। आरोपित मुंबई में लोगों के घरों पर सेटअप बॉक्स में BRC मशीन लगाकर निश्चित चैनल देखने के लिए कहता था जिससे उस चैनल की टीआरपी बढ़ती थी। वहीं, कुछ चैनलों के देखने के लिए वह मना करता था जिससे उसकी टीआरपी घटती थी। मशीन की कीमत 25 से 27 हजार रुपये है। जो सेटेलाइट से अटैच है। मशीन लगाने के एवज में वह लोगों के कुछ काम बगैर पैसे के करवा देता था। जिससे लोग उसके कहने के अनुसार चैनल देखते थे जिससे चैनल की टीआरपी बढ़ती थी।