UP: जौनपुर में BDC सदस्य की गोली मारकर हत्या, दुकान बंद करके बाइक से जा रहे थे घर!

सांकेतिक तस्वीर
जौनपुर: दुकान बंद कर घर जा रहे मुरलीपुर गांव निवासी छितौना गांव के बीडीसी सदस्य व डेयरी संचालक शैलेंद्र यादव (45) को बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रास्ते में गोली मार दी। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उनकी मौत हो गई। घटना का कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस छानबीन में जुटी है।
सोमवार की शाम सवा सात बजे शैलेंद्र यादव केराकत रेलवे स्टेशन स्थिति अपनी पनीर, घी व खोवा आदि की दुकान बंद करके बाइक से घर जा रहे थे। मनियरा मोड़ पर पहुंचे ही थे कि विद्युत विभाग के कार्यालय के समीप मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया। वे जब तक कुछ समझ पाते एक बदमाश ने लक्ष्य करके गोली चला दी। कमर के ऊपर गोली लगते ही वह लहूलुहान गिरकर तड़पने लगे। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बदमाशों ने गोली क्यों मारी यह पता नहीं चल सका है। जानकारी के बाद पहुंचे परिवार के लोगों ने बताया कि वह हमेशा दूसरे रास्ते से घर आते थे। शायद किसी ने फोन कर उन्हें बुलाया था। सीओ सुशील कुमार ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। काल डिटेल निकालकर इस बात की जांच की जाएगी कि इस अवधि में किसने-किसने उनको फोन किया है।
