उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

UP: पीलीभीत में रोडवेज बस और बोलेरो की टक्कर में आठ की मौत! 40 लोग घायल, 11 की हालत गंभीर

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई! यह दर्दनाक हादसा पूरनपुर-खुटार हाईवे पर तड़के करीब तीन बजे गांव बारी बुझिया के पास हुआ। रोडवेज बस और बोलेरो की आमने सामने हुई टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे में 40 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की छत अलग हो गई, जबकि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। यह बस लखनऊ से पूरनपुर आ रही थी।
पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश कई थानों की फोर्स के साथ रात में ही मौके पर पहुंचे और वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, हादसे में पीलीभीत जिला अस्पताल में इलाज के दौरान लखनऊ के गोमती नगर निवासी श्याम (12) पुत्र अरविंद ने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष सेहरामऊ उत्तरी पुष्कर सिंह ने बताया कि शवों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद पीलीभीत में एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को इस हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।