उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

UP: लखनऊ में सपा लगाएगी परशुराम की 108 फीट ऊंची मूर्ति!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) लखनऊ में भगवान परशुराम की 108 फीट ऊंची मूर्ति स्थापित करने जा रही है। यही नहीं, साथ में एक बड़ा पार्क और उसमें एजुकेशनल रिसर्च सेंटर भी बनाया जाएगा। सपा के इस कदम को यूपी की ब्राह्मण सियासत में मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्रा ने बताया कि लखनऊ में भगवान परशुराम की 108 फीट ऊंची प्रतिमा लगाई जाएगी। साथ ही, शैक्षिक अनुसंधान केंद्र की भी स्थापना होगी। इस परियोजना को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है और ‘परशुराम चेतना पीठ’ इस परियोजना की देखरेख करेगी। इसके लिए हम अभी मूर्तिकारों से बातचीत कर रहे हैं। शैक्षिक अनुसंधान केंद्र को गुरुकुल की अवधारणा पर संचालित किया जाएगा।
सपा के कद्दावर नेता अभिषेक मिश्रा ने कहा कि अखिलेश सरकार के समय ही लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क का निर्माण हुआ था। पार्क में ब्राह्मण नेता की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसके अलावा सपा सरकार में परशुराम जयंती पर अवकाश घोषित किया गया था।

यूपी की राजनीति में अहम है ब्राह्मण वोट बैंक
बता दें कि यूपी में पिछले कुछ समय से ब्राह्मण वोट बैंक को लेकर तमाम पार्टियों में जोरदार अजमाइश शुरू है। विकास दुबे कांड और उसके बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर ब्राह्मणों में कथित नाराजगी की बातें सामने आई हैं। विपक्षी पार्टियां लगातार इस मुद्दे पर आक्रामक है और प्रदेश में तमाम घटनाओं को ब्राह्मणों से जोड़ा जा रहा है। सपा अध्यक्ष ने भी अपने दिग्गज और कद्दावर ब्राह्मण नेताओं को कमान सौंप दी है। उत्तर प्रदेश की राजनीति में इस वोट बैंक की अहम भागीदारी होती है। वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बसपा ने भी एक बार फिर सोशल इंजिनियरिंग का नया फार्मूला बनाया है।

उपचुनाव में हुआ था सपा को लाभ
उत्तर प्रदेश के 11 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में ‘मोदी फैक्टर’ का अभाव रहा, जिसने भाजपा की संभावनाओं पर पानी फेर दिया था। यहां अक्टूबर 2019 में हुए विधानसभा उपचुनाव में सबसे बड़ा लाभ समाजवादी पार्टी (सपा) को हुआ। सपा प्रत्याशियों की विजय पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि यह लोकतंत्र बचाने के लिए मिला जनादेश है।