Varanasi News
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी के चौबेपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत रामचंदीपुर (नखवां) में गुरुवार की रात छत से गिरकर एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गोपाल चौधरी (50), गुरुवार की रात अपने दो मंजिले मकान की छत पर सो रहे थे। देर रात किसी समय वे शौचालय जाने के लिए उठे और असंतुलित होकर छत से नीचे गली में गिर पड़े। भोर में परिजनों ने उन्हें गली में पड़ा देखा और तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों ने बिना किसी औपचारिकता और पुलिस को सूचना दिए शव का दाहसंस्कार कर दिया।
गोपाल करीब 10 वर्ष पूर्व दुबई से लौटे थे और यहीं परिवार के साथ रह रहे थे। वे अपने पीछे पत्नी राजकुमारी, दो पुत्रियों और एक पुत्र सहित भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं, अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में हैं।
