उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़ Varanasi: महिला से दुराचार और मारपीट के आरोपी को पुलिस ने चंदौली से किया गिरफ्तार 13th April 2025 networkmahanagar 🔊 Listen to this नेटवर्क महानगर / वाराणसी लंका थाना पुलिस ने महिला के साथ मारपीट एवं अनैतिक दुराचार जैसे गंभीर आरोपों में वांछित अभियुक्त को शनिवार को चंदौली से गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। आरोपी मनीष तिवारी पर महिला से दुष्कर्म, एसिड अटैक जैसे जघन्य आरोपों के साथ कई अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। इस मामले में लंका थाना में 1 अप्रैल 2025 को एक महिला ने पुलिस से लिखित शिकायत करते हुए मनीष तिवारी नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत के मुताबिक, आरोपी मनीष ने पहले तो उस पर शारीरिक और मानसिक अत्याचार किए, फिर जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ अनैतिक कृत्य किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए लंका थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म), 326ए (तेजाब से हमला), 354क, 354ग (महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाले कृत्य), 498ए (घरेलू हिंसा), 323 (मारपीट), 504, और 506 (गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने दिनांक शनिवार को चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम गुआस में दबिश दी, जहाँ से नामजद आरोपी मनीष तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनीष कुमार तिवारी पुत्र बेचन तिवारी (42), निवासी ग्राम गुआस, थाना अलीनगर, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से विवेचना की जा रही है। इस कार्यवाई में लंका थाने के प्रभारी पुलिस निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र के नेतृत्व में निरीक्षक (अपराध) शिवधारी, चौकी प्रभारी नगवा उपनिरीक्षक शिवाकर मिश्र, तथा कांस्टेबल अमित शुक्ला, सूरज सिंह, पवन कुमार यादव और कृष्णकान्त पाण्डेय शामिल थे। Post Views: 17