मुंबई: नहीं रहे बॉलीवुड अभिनेता और फिल्म निर्माता राजीव कपूर!
- बॉलीवुड से आज एक बुरी खबर सामने आई है। मशहूर कपूर खानदान की तीसरी पीढ़ी के राजीव कपूर अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनकी इमेज रोमांटिक हीरो की थी लेकिन उनका जीवन इससे अलग रहा। 39 की उम्र में राजीव कपूर शादी के बंधन में बंधे थे। साल 2001 में उन्होंने आर्किटेक आरती सबरवाल से शादी की थी। हालांकि दोनों की शादी ज्यादा लम्बे वक्त तक नहीं चल पाई। साल 2003 में उनका तलाक हो गया। तलाक के बाद राजीव अकेले ही रहते थे। उन्होंने इसके बाद कभी दोबारा शादी नहीं की।

(फाइल फोटो)
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता और फिल्म निर्माता राजीव कपूर को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 58 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई में अंतिम सांस ली। राजीव स्वर्गीय राज कपूर के तीन बेटों में सबसे छोटे थे, और रणधीर कपूर और स्वर्गीय ऋषि कपूर के छोटे भाई थे।
उनकी मौत की खबर की पुष्टि करते हुए भाभी नीतू कपूर ने मंगलवार दोपहर को इंस्टाग्राम पर राजीव की एक तस्वीर शेयर की, जहां उन्होंने ‘RIP’ लिखा।
ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा ने भी मंगलवार दोपहर को ट्वीट करके इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने ट्वीट में लिखा- ‘बहुत दुखद समाचार। राजीव (चिम्पू) कपूर का दिल का दौरा पड़ने से निधन।’
बॉलीवुड में अपने उपनाम चिम्पू से जाने, जाने वाले राजीव ने फिल्मों में अपनी शुरुआत 1983 में ‘एक जान हैं हम’ से की थी लेकिन उन्हें पहचान 1985 में आई ‘राम तेरी गंगा मैली’ फिल्म से मिली। इसका निर्देशन राज कपूर ने किया था।
राजीव कपूर ने ‘आसमान’, ‘लवर ब्वॉय’, ‘जबर्दस्त’ और ‘हम तो चले परदेस’ आदि फिल्मों में भी अभिनय किया। हीरो के तौर पर उनकी अंतिम फिल्म ‘जिम्मेदार’ थी। इसके बाद उन्होंने निर्माण और निर्देशन की ओर रुख किया।
वह फिल्म हिना के निर्माता थे, जिसका निर्देशन उनके सबसे बड़े भाई रणधीर कपूर ने किया था और अभिनय किया था ऋषि कपूर ने। राजीव तीन भाइयों और दो बहनों- रणधीर कपूर, ऋषि कपूर, ऋतु नंदा और रीमा जैन में सबसे छोटे थे। आज उनके निधन की खबर मिलते ही उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
