नेटवर्क महानगर/विरार
पालघर जिले के विरार इलाके में हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। यहां गोकुल टाउनशिप इलाके में बुधवार, (29 अप्रैल) को शादी के लिए इनकार किए जाने से आक्रोशित एक युवक ने अपनी प्रेमिका और उसकी मां की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी ब्लेड से हमला और गैस चालू कर जलाने का प्रयास किया। मृतक परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के भदखिन गांव का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नालासोपारा (पूर्व) के मोरेगांव निवासी शिवम उपाध्याय (27) का विरार निवासी नैन्सी मिश्रा (24) के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों के बीच पहले से जान-पहचान थी, लेकिन नैन्सी की मां सरिता मिश्रा (48) इस रिश्ते के खिलाफ थीं। बुधवार दोपहर करीब 11:30 बजे शिवम, विरार पश्चिम स्थित नैन्सी के घर ‘पूनम आकांक्षा बिल्डिंग’ में फ्लैट नंबर 301 में शादी की बात करने पहुंचा। उस समय फ्लैट में नैन्सी और उसकी मां मौजूद थीं। बातचीत के दौरान एक बार फिर शादी को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गया।
मौके पर ही मां-बेटी की मौत!
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी और युवती पिछले दो सालों से प्रेम संबंध थे। मंगलवार रात युवक अपने परिवार के साथ शादी का प्रस्ताव लेकर युवती के घर पहुंचा था, लेकिन मां और बेटी दोनों ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज शिवम बुधवार सुबह करीब 11 बजे पहले से तय योजना के मुताबिक, नैन्सी के घर पहुंचते ही फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और रसोई में रखे चाकू से मां-बेटी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों पर करीब 8 से 10 बार वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद गले पर ब्लेड से वार कर आत्महत्या का प्रयास किया और घर की गैस चालू कर खुद को आग के हवाले करने की कोशिश की। मिश्रा परिवार के फ्लैट से आ रही चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर, जांच शुरू की
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की मदद ली और खिड़की के रास्ते से फ्लैट में प्रवेश कर दरवाजा खोला और 40 फीसदी जले हुए आरोपी शिवम को अस्पताल में भर्ती कराया। बोलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल आरोपी को मुंबई के जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बोलिंज पुलिस ने बताया कि युवक विरार के एक स्टोर में काम करता था। वह अपनी प्रेमिका को पिछले दो सालों से डेट कर रहा था। युवक की उसके प्रेमिका के साथ सगाई भी हो चुकी थी। लेकिन दोनों परिवारों के बीच कुछ मतभेद पैदा होने के बाद प्रेमिका की मां ने शादी को लेकर अपना मन बदल लिया। पुलिस ने इस मामले में दोहरे हत्या का केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। पुलिस युवक को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार करेगी। पुलिस ने आगे बताया कि लड़की के पिता जो काम के सिलसिले में बेंगलुरु में हैं, उन्हें इस घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है।हालांकि, यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि व्यक्तिगत रिश्तों में असहिष्णुता और गुस्सा किस तरह गंभीर अपराध का रूप ले सकता है।
