नेटवर्क महानगर/ठाणे
ठाणे जिले के ठाकुर्ली इलाके से महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने एक 10 लाख के इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया है। ये नक्सली झारखंड के जंगलों का रहने वाला है और बीते 10 दिनों से ठाकुर्ली में ही रह रहा था। नक्सली मूलरूप से देवगांव, जिला पलामू, झारखंड का रहने वाला है। उसकी पहचान संजय सरोज यादव उर्फ बुधराम (45) के रूप में हुई है। इस नक्सली पर झारखंड सरकार द्वारा इस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह पुलिस से बचने के लिए पिछले 10 दिनों से ठाकुर्ली के एक गोठा (पशु शेड) में छिपकर रह रहा था और मवेशियों की देखभाल का काम कर रहा था। यह नक्सली महाराष्ट्र में क्या कर रहा था और क्यों आया था? इसकी जांच की जा रही है। आरोपी को ATS कोर्ट में पेश किया गया। महाराष्ट्र ATS ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच के लिए झारखंड पुलिस को सौंप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के संभावित नेटवर्क, उसके सहयोगियों और महाराष्ट्र में मौजूद संपर्कों की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि क्या वह यहां किसी नक्सली गतिविधि या संगठनात्मक नेटवर्क को सक्रिय करने की कोशिश कर रहा था।
