उत्तर प्रदेशचुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 50-100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी शिवसेना: संजय राउत

मुंबई: शिवसेना के मुख्य प्रवक्‍ता और सांसद संजय राउत ने कहा कि आगामी उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी (शिवसेना) 50-100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। राउत ने बताया कि वह कल यानी (गुरुवार) को पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश का दौरा करेंगे।
गौरतलब है कि शिवसेना नेता संजय राउत ने बुधवार को एनसीपी चीफ शरद पवार के साथ एक प्रेस कांफ्रेंस के बाद मीडिया से भी ये बात कही थी। राउत ने कहा था जिस प्रकार मंत्री स्‍वामी प्रसाद मौर्य, भारतीय जनता पार्टी को छोड़ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं, उसे देखकर लगता है कि उत्‍तर प्रदेश में हवा बदलने वाली है।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए संजय राउत ने ये भी कहा था कि भारतीय जनता पार्टी को सावधान रहने की जरूरत है। अभी लहरों की गति धीमी हैं लेकिन आने वाले समय में भाजपा का जहाज तेज लहरों से डगमगा सकता है। सांसद राउत ने कहा था कि भाजपा ओपिनियन पोल की अफवाह फैला रही है, लेकिन उस पर भरोसा करने की जरूरत नहीं है। उत्‍तर प्रदेश और गोवा में बदलाव निश्चित है।
वहीँ पूर्व केंद्रीय मंत्री व एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश के लोग भाजपा से खुश नहीं है। जिस तरह से मंत्रियों और विधायकों ने भाजपा से पलायन करना शुरू कर दिया है उससे यह बात साफ होती है कि उत्तर प्रदेश में बदलाव जरूर होगा। पवार ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा के 13 विधायक समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।