ब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मलाइका अरोड़ा की कार का एक्सीडेंट, अभिनेत्री को अस्पताल में कराया गया भर्ती

मुंबई: अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा सड़क दुर्घटना की चपेट में आ गई हैं। उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया है। एक्सप्रेसवे पर खोपोली में तीन गाड़ियों की टक्कर में उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मलाइका को इलाज के लिए नवी मुंबई के अपोलो अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अभी घटना की जांच कर रही है। जांच के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी। शनिवार की दोपहर को मलाइका एक फैशन इवेंट में हिस्सा लेने के लिए गई थीं। उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर इवेंट की तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किए थे।

खोपोली पुलिस ठाणे के एक अधिकारी ने बताया कि मलाइका को हल्की चोटें लगी हैं। एक्सीडेंट के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभी तक अभिनेत्री की ओर से कोई बयान नहीं आया है। मलाइका के करीबी ने बताया कि उन्हें कुछ टांके लगे हैं। वह रविवार की दोपहर तक डिस्चार्ज हो जाएंगी।

मलाइका बॉलीवुड का जाना-पहचाना चेहरा हैं। फिल्मों में उन्होंने कई आइटम नंबर दिए हैं। इसके अलावा वह टीवी शोज जज करती दिखती हैं। फैशन डीवा कही जाने वालीं मलाइका अपने जिम लुक से लेकर एयरपोर्ट लुक तक के लिए फेमस हैं।
मलाइका की निजी जिंदगी की बात करें तो मलाइका अरोड़ा बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों की लिस्ट में शामिल हैं, जो अपने काम से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से चर्चाओं में रहती हैं। मलाइका ने साल 1998 में अरबाज खान से शादी की थी। दोनों की जिंदगी काफी अच्छी चल रही थी लेकिन शादी के कुछ सालों बाद 2017 में मलाइका और अरबाज ने तलाक ले लिया। दोनों के तलाक ने फैंस को हैरान कर दिया था क्योंकि दोनों को साथ देखकर फैंस भी खुश होते थे। 48 वर्षीय मलाइका, अर्जुन कपूर को डेट कर रही हैं। दोनों लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं। पूर्व पति अरबाज खान से उनका एक बेटा अरहान खान है। बेटा मलाइका के पास ही रहता है।