दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री बोले- दिल्ली में मेट्रो ट्रेन शुरू की गई थी तब भी काटे गए थे पेड़

नयी दिल्ली/मुंबई के आरे कॉलोनी में 2500 पेड़ों की कटाई को लेकर शुरू हुए विवाद पर केंद्र ने कहा है कि जब दिल्ली में मेट्रो ट्रेन शुरू की गई थी तब भी पेड़ काटे गए थे, लेकिन अब वहां पर पहले से ज्यादा हरियाली है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि दिल्ली में 271 मेट्रो स्टेशन हैं। इनके लिए दिल्ली में भी पेड़ काटे गए थे। लेकिन अब राजधानी में पेड़ों की संख्या और ज्यादा बढ़ाई गई है। यही विकास और प्रकृति का पोषण है।
जावड़ेकर ने कहा, हाईकोर्ट ने भी अपने फैसले में कहा है कि ये वनक्षेत्र नहीं है। जब दिल्ली में पहला मेट्रो स्टेशन बना था, तब भी 20 से 25 पेड़ काटे गए थे। उस समय भी लोगों ने विरोध किया था। लेकिन एक पेड़ काटा गया तो 5 पेड़ लगाए गए। इसलिए आज हमारा ‘ट्री कवर’ बढ़ा है।
जावड़ेकर के अनुसार, जिस तरह दिल्ली मेट्रो के निर्माण के समय काटे गए पेडों की तुलना कहीं ज्यादा पेड़ लगाए गए, उसी तरह मुंबई में भी काटे जा रहे पेड़ों की भरपाई की जाएगी। हालांकि, पर्यावरण कार्यकर्ताओं एवं अन्य विरोधियों की दलील है कि महाराष्ट्र सरकार ने पेड़ काटने में जल्दबाजी दिखाई। याचिकाकर्ता सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने के लिए तैयार हैं।
ग्रीन लंग को बचाने के लिए मुहिम
देश की आर्थिक राजधानी के ‘ग्रीन लंग’ की कटाई की खबर फैलते ही बड़ी तादाद में प्रदर्शनकारी वहां पहुंच गए और और विरोध-प्रदर्शन करने लगे। कुछ लोग प्रस्तावित मेट्रो डिपो स्थल में भी घुस गए, जिसके बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और अब तक 29 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।