shahrukh khan news
नयी दिल्ली: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान एक बार फिर से माता वैष्णो देवी के दरबार पहुंचे है। माता के दर्शन करने के लिए शाहरूख खान कल जम्मू-कश्मीर के कटरा पहुंचे। नीले रंग की जैकेट, आँखों पर काला चश्मा और मास्क लगाकर मंदिर में पहुंचे सुपरस्टार का वीडियो वायरल हो रहा है।
Bollywood actor Shahrukh khan visited #Vaishnodevi ahead of Jawan release.#jawan #ShahrukhKhan #vaishno pic.twitter.com/ioOoAn40SO
— Rahul Singh (@Rahulsrana007) August 30, 2023
मिली जानकारी के मुताबिक, सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जवान’ की रिलीज से पहले जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पर्वत पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और नतमस्तक हुए। एक अधिकारी ने बताया कि शाहरुख खान (58) मंगलवार देर रात मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सुपरस्टार मंगलवार शाम को कटरा आधार शिविर पहुंचे और वे रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर नए ताराकोट मार्ग से मंदिर पहुंचे। उन्होंने पूजा-अर्चना की और उसके तुरंत बाद चले गए।
सोशल मीडिया पर प्रसारित एक छोटे-से वीडियो में मंदिर में अभिनेता को नीले रंग की जैकेट पहने हुए देखा गया और उनका चेहरा पूरी तरह ढंका हुआ था। वीडियो में वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अधिकारियों, कुछ पुलिसकर्मियों और अभिनेता के निजी कर्मियों को भी देखा जा सकता है। यह 9 महीने में दूसरी बार है जब शाहरुख ने माँ वैष्णो देवी के दर्शन किए। अभिनेता ने अपनी ब्लॉकबास्टर फिल्म ‘पठान’ की रिलीज से पहले दिसंबर 2022 में भी मंदिर में मत्था टेका था।
बता दें कि एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘जवान’ का निर्देशन तमिल फिल्म निर्माता एटली ने किया है। यह 7 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में नयनतारा, विजय सेतुपति, प्रियामणि और सन्या मल्होत्रा भी हैं। दीपिका पादुकोण फिल्म में एक खास भूमिका में नज़र आएंगी।
