नवी मुंबई मनपा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी शेकाप

मुंबई: शेतकरी कामगार पार्टी के कार्यालय सचिव एडवोकेट राजेंद्र कोरडे ने कहा है कि शेतकरी कामगार पार्टी मित्र दलों के साथ नवी मुंबई मनपा की सभी १११ सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
फोर्ट स्थित पार्टी कार्यालय में गत दिनों आयोजित एक प्रेस कांफ्रेस में श्री कोरडे ने बताया कि घरानेशाही और दूरदृष्टि के अभाव के कारण शहर की दशा ख़राब होती जा रही है। शहर पर ठेकेदारों का वर्चस्व है और प्रशासन में अराजकता व्याप्त है।
श्री कोरडे ने कहा कि प्रशासन की दिशाहीनता के कारण शहर का विकास ठप हो गया है। अपना खुद का बांध होने के बावजूद अनेक भागों में पानी की समस्या यथावत बनी हुई है। शहर की आरोग्य व्यवस्था का बुरा हाल है। शहर के लिए जमीन देने वाले लोगों की भी अनेक मांगे प्रलंबित हैं। कई भागों में श्मशान की समस्या है। श्री कोरडे ने बताया कि इस शहर के निर्माण में शेतकरी कामगार पार्टी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि शेकाप को इस शहर का शिल्पकार कहा जाता है। शेकाप इस शहर को आदर्श शहर बनाकर सभी को मुफ्त शिक्षा,पानी तथा आरोग्य सुविधा उपलब्ध करायेगी। इस शहर के लिए जमीन देने वाले किसानों को न्याय दिलाने का काम शेकाप ने किया है। इस शहर की दुर्दशा देखकर दर्द होता है। आगे उन्होंने कहा कि प्रचार के दौरान हम शहर की दुर्दशा से लोगों को वाकिफ कराएँगे। इस शहर की महंगी शिक्षा तथा आरोग्य सेवा गरीबों को रास नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि गावठण की जमीन के पुनर्विकास की बाधाओं को दूर करना भी हमारी प्राथमिकता होगी।
इस अवसर पर नवी मुंबई के सचिव शैलेन्द्र मेहता तथा केन्द्रीय समिति के सदस्य चंद्रशेखर पाटील भी मौजूद थे।
