नागपुर: तुकाराम मुंढे का मुंबई तबादला, राधाकृष्णन बी. होंगे नागपुर के नए मनपा आयुक्त
नागपुर: कोरोना संकट के बीच मनपा आयुक्त तुकाराम मुंढे का मुंबई में तबादला कर दिया गया है। उन्हें मुंबई में महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के सदस्य सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। सरकार के अपर मुख्य सचिव (सेवा) सीताराम कुंटे ने यह आदेश जारी किया है। आईएएस राधाकृष्णन बी. नागपुर मनपा के नए आयुक्त होंगे। प्रतीक्षा सूची में चल रहे राधाकृष्णन बी. को तुरंत पदभार स्वीकारने का आदेश दिया गया है। वे 2008 बैच के आईएएस ऑफिसर हैं। 38 वर्षीय राधाकृष्णन बी. इससे पहले मुंबई म्हाडा के सीईओ थे। उसके पहले नाशिक, रत्नागिरी के जिलाधिकारी, जालना के सीईओ, अहमदनगर, नंदूरबार में एसडीओ पद पर कार्य कर चुके हैं।
मनपा आयुक्त तुकाराम मुंढे का तबादला बुधवार को शहर में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय रहा। मुंढे मंगलवार को ही कोरोना की चपेट में आए थे। खुद ट्वीट के माध्यम से जानकारी देकर भावनात्मक संदेश जारी कर शहरवासियों को कोरोना से जीतने का भरोसा दिलाया था। दूसरे दिन यानी बुधवार को उनके तबादले का आदेश जारी हुआ। फिलहाल वे 14 दिन के लिए होम आइसोलेशन में हैं।

