nalasopara hotel fire news
वसई: नालासोपारा पूर्व के अचोले रोड पर स्थित द्वारका होटल में गैस रिसाव के कारण भीषण आग लग गई। घटना मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। आग में तीन लोग घायल हो गए हैं। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को कई घंटे मशक्कत करनी पड़ी, फिर आग पर काबू पाया जा सका।
होटल में दोपहर अचानक गैस रिसाव से विस्फोट हो गया। इस विस्फोट से आग की तीव्रता बढ़ गई। इससे आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस और नगर निगम फायर ब्रिगेड को मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने बताया कि आग लगने से तीन लोग घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा होटलों और इमारतों में फंसे नागरिकों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया है। आग लगने का सही कारण तो पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस आग में होटल पूरी तरह जलकर खाक हो गया है।
