प्रतापगढ़ में पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाश के पैर में लगी गोली, दो फरार
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। गुरुवार की भोर में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देख भाग रहे बदमाशों को पुलिस ने ललकारा। बदमाश पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगे। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली से एक बदमाश जख्मी हो गया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। हालांकि, उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने जख्मी बदमाश को गिरफ्तार करने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया है। अन्य बदमाशों की भी तलाश पुलिस कर रही है। हालांकि, अभी वे पकड़ से दूर हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रतापगढ़ जिले के मानधाता थाने की पुलिस गुरुवार की भोर में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक से जा रहे तीन बदमाश पुलिस काे देखकर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें दौड़ाया तो बदमाश पुलिसकर्मियों पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। इस पर पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह गिर गया। वहीँ उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि जिन बदमाशों से मुठभेड़ हुई वे लूट के आरोपित बदमाश सुफियान आदि थे। जख्मी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से बाइक, दो तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है, उसे मेडिकल कालेज के प्रताप बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है l वहीं फरार दो बदमाशों को पुलिस पकड़ने का प्रयास कर रही है।
