महाराष्ट्र: क्या सचमुच पुलिस को चकमा देकर विदेश भाग गए परमबीर? गृहमंत्री बोले- उनकी तलाश जारी है! धन-शोधन मामले के आरोपी हैं परमबीर सिंह
मुंबई: मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह का कहीं पता नहीं चल रहा है। वहीं, उनके विदेश भागने की भी संभावना जताई जा रही है। इसको लेकर महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने गुरुवार को कहा कि जांच एजेंसियों को परमबीर सिंह के ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
बता दें कि पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर धन-शोधन मामले के आरोपी हैं। परमबीर सिंह के रूस भाग जाने की खबरों को लेकर गृहमंत्री पाटिल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ-साथ हम भी उनकी तलाश कर रहे हैं। मैंने उनके विदेश भाग जाने को लेकर सुना है लेकिन एक सरकारी अधिकारी होने के नाते वह बिना बताए विदेश नहीं जा सकते…और यदि वह चले गए हैं तो यह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार के कई नोटिसों के बावजूद जांच एजेंसयों के सामने पेश नहीं होने के बाद परमबीर सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।
गौरतलब है कि परमबीर सिंह के खिलाफ चार एफआईआर दर्ज हैं, उन्होंने महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर जबरन वसूली करवाने का आरोप लगाया था जिसके बाद देशमुख को इस्तीफा देना पड़ा था।
