ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई उपनगरमुंबई शहर

मुंबई: 4 साल के मासूम को जंगल में उठा ले गया था तेंदुआ, चाचा ने ऐसे मौत के मुंह से बचा लिया!

मुंबई: मुंबई के आरे फॉरेस्ट इलाके में 25 साल के एक शख्स के हौसले की वजह से 4 साल का मासूम मौत के मुंह से सुरक्षित बच निकला।
दरअसल, बच्चा घर के बाहर खेल रहा था और अचानक एक तेंदुए ने उस पर हमला बोल दिया और उसे मुंह में दबोचकर जंगल की ओर भाग गया। यह सबकुछ बिजली की रफ्तार से हुआ। लेकिन, पास ही खड़े बच्चे के चाचा ने भी फौरन स्फूर्ति दिखाई और तेंदुए की ओर भाग पड़ा। उम्मीद कम थी, लेकिन उस शख्स ने हिम्मत दिखाई और आज वह मासूम सुरक्षित है। उसे चोटें आई हैं, लेकिन मौत के मुंह से निकल आया है।

चाचा ने बच्चे को तेंदुए के मुंह से छुड़ाया!
घटना 26 सितंबर शाम 7 बजे की है। 4 साल का आयूष आरे इलाके के यूनिट-3 में अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी अचानक एक तेंदुआ उसपर झपट पड़ा। संयोग से उसके चाचा विनोद कुमार यादव की नजर बच्चे पर ही थी। तेंदुआ आयूष को दबोचकर भागा और उसके पीछे विनोद भी दौड़ पड़े। बाद में विनोद ने उस घटना के बारे में बताया, ‘मैं दरवाजे पर ही खड़ा था, जब मैंने देखा कि तेंदुआ आयूष पर हमला कर रहा है। उसने आयूष का गर्दन दबोच रखा था। यह देखकर मैं चिल्लाया और तेंदुए के पीछे दौड़ा। तब तेंदुए ने आयूष का सिर दबोच लिया और जंगल की ओर भागने लगा। गनीमत यह रही कि दौड़ते वक्त उसकी पकड़ छूट गई और मैंने आयुष पर छलांग लगा दी और उसे पकड़ लिया।

फ़िलहाल स्थानीय लोगों में तेंदुए के हमले को लेकर लगातार डर बना हुआ है। इस हमले में आयूष की गर्दन में चोटें आई हैं और सिर में 8 टांके लगे हैं। इस घटना के बाद से स्थानीय लोग सूर्यास्त के बाद घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने झाड़ियां साफ करवा दी हैं और कूड़ेदान डलवा दिए हैं, लेकिन भय का माहौल कायम है। आयूष की मां आरती यादव ने कहा है, हम सभी बहुत ही डरे हुए हैं। हम अपने बच्चों को घर में ही रखते हैं और उम्मीद करते हैं कि तेंदुआ जल्द पकड़ा जाएगा। भगवान की कृपा है कि मेरा बेटा सुरक्षित है। हमें आसपास स्ट्रीट लाइट चाहिए ताकि तेंदुए को देख सकें।

बुजुर्ग पर तेंदुए ने किया हमला, अपनी छड़ी से ही लड़ गई महिला!
आरे कॉलोनी में एक बुजर्ग महिला पर भी अचानक एक तेंदुए ने हमला कर दिया। गोरेगांव की आरे कॉलोनी में बुधवार शाम को ये घटना हुई है। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी छड़ी से ही तेंदुए को किसी तरह खदेड़ दिया। महिला को मामूली चोटें आई हैं, जिसके बाद उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरा में भी कैद हो गई। इसका वीडियो अब काफी वायरल हो रहा है।
आरे कॉलोनी की रहने वाली करीब 60 वर्षीय निर्मला देवी बुधवार शाम को घर के बाहर टहलने निकली थीं। इसी दौरान वो बरामदे में बैठ गईं कि तभी यहां पहले से छुपे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। वीडियो में दिख रहा है कि महिला बरामदे में सुस्ताने को बैठती है कि तभी पीछे से तेंदुआ उन पर झपट पड़ता है। पहले तो महिला उसकी तरफ हाथ-पांव चलाती है फिर सूझबूझ से काम लेते हुए छड़ी से उस पर कई वार करती हैं। जिससे तेंदुआ भाग जाता है।
वहीं तेंदुए के हमले की खबर पर वन विभाग के कर्मचारियों ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया है। वन विभाग का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने की कोशिशें की जा रही है। बता दें कि आरे कॉलोनी से सटा हुआ बोरिवली नैशनल पार्क है, इसलिए अक्सर जंगल से तेंदुए बस्ती में आ जाते हैं।