Mumbai Crime News
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चीन निर्मित तीन उन्नत पिस्तौलें, मैगज़ीन और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को शहर में संगठित अपराध और अवैध हथियार नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
मुंबई क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग शहर में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से विदेशी पिस्टल और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियार अत्याधुनिक और विदेशी कंपनी के बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये हथियार मुंबई तक कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है कि उनके संबंध किसी गैंग या संगठित अपराध सिंडिकेट से तो नहीं हैं। शुरुआती जांच में यह मामला अंतरराज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल, मुंबई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम (Arms Act, 1959) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका इस्तेमाल पहले किसी अपराध में हुआ था या नहीं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बाहरी राज्यों से मुंबई हथियार सप्लाई करने आए थे और पिछले करीब दस दिनों से पनवेल इलाके में ठहरे हुए थे। हथियारों की डील वाली रात तीनों आरोपी पनवेल से टैक्सी के जरिए मुंबई पहुंचे थे। शक से बचने के लिए आरोपी तय लोकेशन से करीब आधा किलोमीटर पहले ही टैक्सी से उतर गए थे और वहां से पैदल चलकर डील पॉइंट तक पहुंचे। पुलिस का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर और पेशेवर अपराधी हैं, जो पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पंजाब के रहने वाले दो आरोपियों पर हत्या के मामले दर्ज हैं, जबकि एक अन्य आरोपी के खिलाफ 19 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। इनमें से एक आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी है।
