ठाणेब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील गैंग का फरार शूटर गिरफ्तार, ठाणे में चला रहा था टैक्सी!

मुंबई: अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील गैंग के एक शूटर को ठाणे रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस की पायधुनी पुलिस स्टेशन के अधिकारियों को 25 साल बाद ये कामयाबी मिली है। गिरफ्तार आरोपी का नाम लइक अहमद फिदा हुसैन शेख है और उसकी उम्र 50 साल है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 2 अप्रैल 1997 की शाम को गिरफ्तार अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन गिरोह के सदस्य मुन्ना दाढ़ी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
उस समय इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को IPC की धारा 302, 34 और आर्म्स एक्ट की धारा 3, 25 के तहत मामला दर्ज कर शेख को गिरफ्तार किया था। इसके बाद कोर्ट ने साल 1998 में आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया।

1998 से कोर्ट की सुनवाई में नहीं आने पर हुआ फरार घोषित
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 1998 से आरोपी शेख अंडरग्राउंड हो गया और वो कोर्ट की किसी भी सुनवाई में नहीं आता था जिसके बाद उसे फरार घोषित कर दिया गया।
पुलिस को गोपनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि शेख टैक्सी चालक का काम करता है। इसके बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन पता लगाई तो पता चला कि वो ठाणे रेलवे स्टेशन के पास है। जिसके बाद पुलिस ने ट्रैप लगाकर आरोपी को ठाणे रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है।