ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई: बोरीवली में हत्या के आरोपी युवक ने पुलिस लॉकअप में लगाई फांसी; आज थी कोर्ट में पेशी पुणे से हुआ था गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई के बोरीवली से चौंकाने वाला एक मामला सामने आया है, यहां हत्या के एक संदिग्ध आरोपी ने पुलिस की हिरासत में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने बताया कि 28 वर्षीय आरोपी को पुणे से गिरफ्तार किया गया था। उसने शुक्रवार को बोरीवली के पुलिस लॉकअप में आत्महत्या कर ली।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, पुणे से हिरासत में लिए गए आरोपी दीपक जाधव (28) ने बोरीवली पुलिस थाने के जनरल लॉकअप में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना आज सुबह करीब 8.10 बजे सामने आई। आरोपी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले की जांच चल रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दीपक जाधव ने तीसरी सेल के दरवाजे से किसी धागे से फांसी लगा ली। पुलिसकर्मी उसे तुरंत कांदिवली के शताब्दी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुबह करीब 8.45 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। जाधव बोरीवली (प) के रामचंद्र भंडारी चॉल में रहता था। उसके खिलाफ 26 जुलाई को ही बोरीवली पुलिस स्टेशन में धारा 326, 279, 323, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसे पुणे से गिरफ्तार किया गया था।

मुंबई पुलिस ने आरोपी दीपक जाधव को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां उसे 28 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। आज ही उसकी अदालत में फिर पेशी थी, लेकिन सुबह उसने जनरल लॉकअप में कथित तौर पर फांसी लगा ली।

बताया जा रहा है कि जाधव के खिलाफ पुणे के भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में धारा 302 के तहत हत्या का मामला भी दर्ज है। बोरीवली पुलिस ने पुणे पुलिस से जाधव को अपनी हिरासत में लिया था और उसे मुंबई ले आई। फ़िलहाल, बोरीवली पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच करने में जुटी है।