ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

अंधेरी के फाइव स्टार होटल में 7वीं मंजिल से गिरा मजदूर, हुई मौत!

मुंबई: मुंबई के अंधेरी स्थित एक फाइव स्टार होटल में मरम्मत कार्य करते समय 21 वर्षीय मजदूर की गिरने से मौत हो गई। लापरवाही की वजह से हुए इस हादसे के बाद सहार पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालाँकि, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक मजदूर की पहचान साहिल राजभर के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि होटल की इमारत पर चढ़ते समय साहिल ने कोई सुरक्षा उपकरण नहीं पहना था। होटल की 7वीं मंजिल पर छत के गुंबद से गिरने से उसकी मौत हो गई। साहिल के पिता रतिलाल राजभर भी उसी रेनोवेशन कंपनी में बतौर सुपरवाइजर काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि साहिल ने गलती से निर्धारित लोहे के रास्ते का उपयोग नहीं किया और शॉर्टकट मारने की वजह से हादसे का शिकार हो गया।
सहार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि हमने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 304-ए के तहत ठेकेदार रॉयल रोड्रिग्स (Royal Rodrigues) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मृतक पिछले 4 वर्षों से अपने पिता के साथ सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहा था।
उन्होंने कहा कि 28 जून को दोपहर लगभग 12.30 बजे साहिल और उसके पिता रतिलाल राजभर नियमित निरीक्षण के लिए होटल में गए थे। इस दौरान वे होटल की सातवीं मंजिल पर गए और साहिल छत के दूसरी तरफ जाने के लिए लोहे के रास्ते से जाने की बजाय नवनिर्मित पीओपी (प्लास्टर ऑफ पेरिस) गुंबद पर चलने लगा। इस दौरान पीओपी का गुंबद टूट गया और साहिल नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआत में पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज किया था, लेकिन बाद में गुरुवार को एफआईआर दर्ज किया गया और मामले की जांच जारी है।