बुलढाणाब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के बुलढाणा में चलती बस में लगी भीषण आग; 26 लोगों की जलकर मौत!

बुलढाणा: महाराष्ट्र के बुलढाणा में शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। नागपुर से पुणे की ओर जा रही एक प्राइवेट बस बुलढाणा जिले के सिंदखेड़ में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेस-वे पर हादसे की शिकार हो गई। हादसे के बाद बस में भीषण आग लग गई।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 26 लोगों की जलकर मौत हो गई है। बताया जा रहा कि बस में 32 से ज्यादा यात्री सवार थे। फिलहाल, मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, बस सबसे पहले समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेस-वे पर दाहिनी ओर एक लोहे के खंभे से टकराई, जिसके बाद अनियंत्रित हो गई। इसके बाद आने-जाने वाली लेन के बीच कंक्रीट के डिवाइडर से टकराकर बस बाईं तरफ पलट गई। बाईं तरफ पलटने की वजह से ही बस का दरवाजा नीचे गिर गया, जिससे यात्रियों के निकलने का रास्ता भी बंद हो गया। जो यात्री बाहर निकले भी थे, वो सभी खिड़कियां तोड़कर बाहर निकल पाए थे।

मौके पर घटनास्थल पहुंचे एडीजी संजय सक्सेना के मुताबिक, ये जांच का विषय है कि पहले बस का टायर फटा या बस पोल से टकराई और उसके बाद पलटी, जिससे आग लग गई। हादसे में कुल 26 यात्रियों की मौत हुई है। जो आठ यात्री बचाए गए हैं, उनको नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इनमें से अधिकतर यात्री नागपुर, वर्धा और यवतमाल से हैं।

मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख का मुआवजा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को बुलढाणा में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर हुई बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को मुफ्त इलाज की घोषणा की है। सीएम कार्यालय के एक आधिकारिक बयान में कहा गया है- ‘इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मृतकों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5-5 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की है’। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने इस भीषण दुर्घटना से व्यथित होने की बात कहते हुए घटना की जांच के आदेश दिये हैं। हादसे में तीन बच्चों समेत कुल 26 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में बचे ड्राइवर ने बताया कि टायर फटने से बस में आग लग गई, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
पुलिस ने कहा कि हालांकि, दुर्घटना का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। हादसा शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे समृद्धि-महामार्ग एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बस नागपुर से पुणे जा रही थी जब रात करीब 1:30 बजे यह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ड्राइवर ने कहा कि टायर फटने के बाद यह दुर्घटना हुई, जिससे बस में आग लग गई। बाद में वाहन के डीजल टैंक में आग लग गई। बुलढाणा के एसपी सुनील कदसाने ने संवाददाताओं को बताया कि बस में कुल 33 लोग सवार थे, जो पुणे जा रही थी।

घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे CM शिंदे व फडणवीस, घटनास्थल का भी किया दौरा
बुलढाणा में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई। वहीं, आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस घायलों का हाल-चाल लेने अस्पताल पहुंचे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘पीएम राष्ट्रीय आपदा कोष’ (PMNRF) से मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दुख प्रकट किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।

वहीं, कांग्रेस ने लिखा- दुखद! महाराष्ट्र के बुलढाणा में बस हादसे में 25 लोगों की असमय मृत्यु हो गई। ये बेहद दु:खद घटना है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।