ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

अंधेरी में ट्यूशन क्लास से लौट रही 2 छात्राओं का कथित तौर पर पीछा करने वाला युवक गिरफ्तार

मुंबई: अंधेरी में ट्यूशन क्लास से लौट रही दो छात्राओं का कथित तौर पर पीछा करने के आरोप में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने कहा कि वह और उसका दोस्त कथित तौर पर एक कार में लड़कियों का पीछा कर रहे थे, जो उसके दोस्त की थी, वह फरार है। अधिकारी ने कहा कि दोनों व्यक्ति उत्तर प्रदेश के मेरठ के रहने वाले हैं और जोगेश्वरी में रहने वाले एक दोस्त से मिलने मुंबई आए थे। उन्होंने कहा कि घटना शनिवार दोपहर की है, जब लड़कियां ट्यूशन क्लास से पढ़कर घर जा रही थीं।
आरोपी और उसका दोस्त एक कार में बैठे थे और लड़कियों के प्रति भद्दी टिप्पणियां करने लगे। वे घबरा गयी और घर पहुंचने के लिए एक ऑटोरिक्शा किराए पर लिया। लेकिन दोनों ने कार में उनका पीछा किया। जब ऑटोरिक्शा एक ट्रैफिक सिग्नल पर रुका, तो 30 एक वर्षीय व्यक्ति बाहर निकला और लड़कियों को एक नोट थमा दिया, जिस पर उसका मोबाइल फोन नंबर लिखा था। बाद में लड़कियों के परिजनों ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने उसके मोबाइल फोन नंबर के आधार पर उस व्यक्ति का पता लगाया और रविवार रात उसे पकड़ लिया, जबकि उसका दोस्त फरार है। भारतीय दंड संहिता (IPC) और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (POCSO) के तहत पीछा करने और अन्य आरोपों के लिए मामला दर्ज किया गया है।