उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

अबू आजमी बोले- डर गए राज ठाकरे; यूपी के किसी शहर में जाने की हिम्मत नहीं!

पुणे: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता अबू आसिम आजमी ने दावा किया है कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने अपनी अयोध्या यात्रा इसलिए स्थगित कर दी क्योंकि वह डर गए थे। अब वह उत्तर प्रदेश के किसी शहर में नहीं जाएंगे, क्योंकि उनमें हिम्मत नहीं है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने रविवार को पुणे में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राज ठाकरे की जल्द ही होने वाली सर्जरी के बारे में टिप्पणी अयोध्या यात्रा को टालने का एक बहाना मात्र था।
राज ठाकरे की पार्टी ने पूर्व में महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों के खिलाफ कथित रूप से हिंसक विरोध प्रदर्शन किया था। अब उनके द्वारा बोई गई नफरत का जवाब नफरत के साथ दिया जा रहा है। विशेष रूप से, भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने ठाकरे की अयोध्या यात्रा का विरोध किया था, जो पहले 5 जून को निर्धारित थी। राज ठाकरे ने पिछले हफ्ते घोषणा की थी कि उनकी अयोध्या यात्रा फिलहाल रद्द कर दी गई है।

एक जून को होगी राज ठाकरे की सर्जरी
बता दें कि रविवार को पुणे में एक रैली को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने दावा किया कि उनकी प्रस्तावित अयोध्या यात्रा को लेकर चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को कानूनी जाल में फंसाने के लिए एक चाल थी।इसलिए उन्होंने अपनी यात्रा को स्थगित करने का फैसला किया। मनसे प्रमुख ने यह भी खुलासा किया कि वह पैर और कमर में दर्द से पीड़ित थे और एक जून को उनके कूल्हे की हड्डी की सर्जरी होनी है।