उत्तर प्रदेशराजनीतिशहर और राज्य

अब दुश्मन देश के घर में घुसकर बदला लेने वालों में हमारे देश का नाम भी जुड़ गया है : अमित शाह

अमरोहा, 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी बेहद गंभीर नजर आ रही है। पार्टी का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में 70 से अधिक सीट जीतने का है। लखनऊ व कानपुर में बुथ अध्यक्षों को संबोधित करने के बाद आज भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ उत्तर प्रदेश के प्रभारी जेपी नड्डा व सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पाण्डेय आज अमरोहा पहुंचे।
अमरोहा में गजरौला के रामाबाई कालेज के मैदान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाहे प्रभारी जेपी नड्डा के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भारत माता की जय के नारा के साथ अपना संबोधन शुरू किया। अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश से ही देश का सबसे मजबूत रास्ता जाता है। नरेंद्र मोदी सरकार उत्तर प्रदेश को लेकर बेहद गंभीर है। इससे पहले मनमोहन सिंह के कार्यकाल में बजट में उत्तर प्रदेश की उपेक्षा होती थी। नरेंद्र मोदी की सरकार ने उत्तर प्रदेश को आठ लाख आठ हजार करोड़ रुपया दिया है। इससे पहले उत्तर प्रदेश को तीन लाख करोड़ ही मिलता था।
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ 28 लाख जन धन खाते खोले गए हैं। इसके साथ उत्तर प्रदेश में मुद्रा योजना के माध्यम से 62,000 करोड़ रुपए सवा करोड़ लाभार्थियों को दिया है। अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता चाहती है कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार फिर से आए। नरेंद्र मोदी की सरकार फिर से आने का मतलब है कि उत्तर प्रदेश, उत्तम प्रदेश बने।हमने मजदूरों का काफी खयाल रखा है। सबसे ज्यादा योजन उनके लिए ही चलाईं। उनको इसका लाभ भी दिलवाया। 2019 में मोदी की सरकार बनी तो घुसपैठियों को कश्मीर से कन्याकुमारी तक बाहर निकाल देंगे।असम लेकर गुजरात तक एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुन के निकालेंगे।
अमित शाह ने कहा कि दुश्मनों की चट्टानों को ढहाकर मेरे बूथ अध्यक्ष विजय की ओर बढ़ चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी सब पार्टियों से अलग विचार की है। भारतीय जनता पार्टी का विजय भारतीय पार्टी का चुनाव किसी नेता के आधार पर नहीं होता। भारतीय जनता पार्टी को अगर कोई विजय दिला सकता है तो मेरे सामने बैठे मेरे बूथ अध्यक्ष हैं। उन्होंने कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि कांग्रेसी भी वन डे वन पेंशन लेकर आई थी। मालूम है उनका वन पेंशन वह डे क्या था। मोदी जी जवानों के खाते में पैसा डालते हैं और कांग्रेस अपने परिवार के खाते में पैसे डालने का काम करती है। बोले जो परिवार के लिए काम करते हैं वह कभी देश को आगे नहीं बढ़ा सकते।
अमित शाह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था के साथ विकास का काम पटरी पर है। यहां पर तो बुआ के साथ भतीजा व अजीत सिंह जात-पात का मुद्दा लेकर वोट लेने आएंगे। मगर आपको जात-पात से ऊपर उठकर देश की सुरक्षा के लिए वोट करना है। इन सब लोगों के लिए देश की सुरक्षा महत्वपूर्ण नहीं हैं, मां बहनों की सुरक्षा महत्वपूर्ण नहीं हैं। इनके लिए तो बस जात-पात की राजनीति मात्र महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि वो चुनाव में जाने से पहले यह घोषणा करें की वो राम मंदिर निर्माण के पक्ष में हैं या नहीं। अमित शाह ने कहा कि मैं डंके की चोट पर कहता हूं कि उस जगह पर राम मंदिर बनना चाहिए। अब तो राहुल बाबा आप अपना रुख साफ करो। यही बात मैं अखिलेश यादव जी और बहन मायावती से पूछना चाहता हूं। भाजपा चाहती है कि राम मंदिर बने।
उन्होंने भाजपा बूथ अध्यक्षों से कहा कि आप लोगों की मेहनत रंग ला रही है। हमारी पार्टी की ताकत बढ़ रही है। इसी कारण कभी एक दूसरे का मुंह न देखने वाले बुआ-भतीजे एक मंच पर आ गए। यही बताता है कि हम कितने ताकतवर हैं। अमित शाह ने बीएसपी-एसपी गठबंधन पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मायावती और अखिलेश यादव ने अपने स्वार्थ की वजह से एक-दूसरे से हाथ मिलाया है। भाजपा इतनी ताकतवर है कि इन्हें एक दूसरे का मुंह देखने के लिए मजबूर होना पड़ा है। अभी लोग गठबंधन-गठबंधन करते हैं। मैं विशेष तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि ये चाहे दो हो जाये या चार हो जाये, हम 50% की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। हमारी सीटें 73 से 74 होने वाली हैं 72 नहीं होंगी।
अमित शाह ने कहा कि देश भर की ज्यादातर पार्टियों में पार्टी अध्यक्ष व प्रधानमंत्री वंशवाद की परंपरा के अनुसार तय होते हैं लेकिन भाजपा एक गरीब को देश का प्रधानमंत्री बनाती है। यह सिर्फ हमारी पार्टी की विशेषता है कि यहां कार्यकर्ता को आगे आने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का एक बार फिर प्रधानमंत्री बनना देश के विकास और देश की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है। विपक्षी सिर्फ मोदी हटाओ की बात करते हैं। यह लोग तो जितना नाम नरेंद्र मोदी का लेते हैं, अगर इतना नाम नारायण का लें तो उनका कल्याण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के आधार पर चुनाव जीतती है। भाजपा का कार्यकर्ता मुश्किल से मुश्किल चुनाव को भी प्रचंड विजय में बदलने की ताकत रखता है। अभी तक अपने जवानों के खून का बदला लेने वाले दो ही देश थे, अमेरिका और इजरायल। अब दुश्मन देश के घर में घुसकर बदला लेने वालों में हमारे देश का नाम भी जुड़ गया है।