दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़

ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने क्रेटा कार को मारी टक्कर, तीन युवकों की दर्दनाक मौत!

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के (एनसीआर) दादरी क्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पर एक क्रेटा कार को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीनों युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में हुआ है। जहां पर रविवार सुबह एक क्रेटा कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार तीन युवक बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि 25 जून को सुबह करीब 4 बजे दादरी थाना क्षेत्र के ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर डासना की ओर जाते समय एक कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में संजीव (25), प्रखर (25), हनी (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों बुलंदशहर जिले के निवासी थे। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को दादरी के एक अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। जहां पर तीनों युवकों की मौत हो गई। तीनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजन मौके पर अस्पताल में मौजूद हैं। परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गाड़ी में करीब तीन लाख रुपये की नकदी रखी थी, जो पुलिस ने परिजनों को सौंप दी है। पुलिस तीनों शवों को कब्जे में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

घटना के बाद Noida Police Media Cell का बयान
आज दिनांक 25/06/2023 को प्रातः करीब 4ः00 बजे थाना दादरी क्षेत्रान्तर्गत ईस्टर्न पेरिफेरल डासना की ओर से आ रही क्रेटा गाड़ी यूपी 13 बीएम 9599 ईस्टर्न पेरीफेरल पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीन व्यक्ति- संजीव 25 वर्ष, प्रखर 25 वर्ष, हनी 22 वर्ष घायल हो गए। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद कार की खिड़की काटकर घायलों को बाहर निकाला गया। जिसके बाद उन्हें तत्काल एंबुलेंस द्वारा अशोका हॉस्पिटल दादरी ले जाया गया। लेकिन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए वहां से तीनों को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया था। घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई थी।