ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

उत्तर भारतीय संघ के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए संतोष आरएन सिंह

समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचने का लिया संकल्प..

मुंबई: मुंबई के बांद्रा पूर्व स्थित उत्तर भारतीय संघ भवन में ‘उत्तर भारतीय संघ’ की नई कार्यकारिणी की बैठक में संतोष आरएन सिंह को सर्वसम्मति से दूसरी बार संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। उनका कार्यकाल पांच साल का होगा। उनके पुनः अध्यक्ष चुने जाने की ख़ुशी में समाज के लोगों ने गाजे-बाजे के साथ मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। इसके पहले संघ के तत्कालीन अध्यक्ष आरएन सिंह के निधन के उपरांत उन्हें सर्वसम्मति से अध्यक्ष बनाया गया था।

उत्तर भारतीय संघ मेरी ‘मां’
दोबारा अध्यक्ष चुने जाने पर संतोष आरएन सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ‘उत्तर भारतीय संघ’ मेरी मां है और आपने जो भरोसा जताया है, उस पर हमेशा खरा उतरने की कोशिश करूंगा। उत्तर भारतीय समाज की सेवा में 24 घंटे खड़ा रहूंगा, ताकि समाज के आखिर पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचे सके।

आगे उन्होंने कहा कि अगले 5 साल तक इस तरह का काम किया जाएगा, जिससे उत्तर भारतीय संघ की पहचान मुंबई और महाराष्ट्र में ही नहीं, पूरे हिंदुस्तान में बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि संघ की परम्परा को टूटने नहीं दिया जाएगा और सभी के साथ न्याय कर किसी को शिकायत का मौका नहीं दिया जाएगा।

25 लाख का धनादेश सौंपा!
इस मौके पर संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने उत्तर भारतीय संघ को 25 लाख रुपए का धनादेश दानस्वरूप में दिए। इसके पहले नई कार्यकारिणी की बैठक में डॉ राधेश्याम तिवारी, अजय कुमार सिंह ने संतोष आरएन सिंह को दोबारा अध्यक्ष चुने जाने का प्रस्ताव रखा इस प्रस्ताव का डॉ किशोर सहित सभी कार्यसमिति सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया और संतोष आरएन सिंह निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए।

बैठक का संचालन नंदलाल उपाध्याय ने किया। इसके पहले 24 सितंबर को संघ की वार्षिक सभा के नवनिर्वाचित सदस्यों की बुधवार को संघ भवन में बैठक आयोजित की गई थी।

भवन को मिलेगा कॉर्पोरेट लुक
संतोष आरएन सिंह ने कहा कि फिलहाल, उत्तर भारतीय संघ भवन का कायाकल्प किया जा रहा है। दिसंबर माह तक पूरा भवन कॉर्पोरेट लुक में नजर आएगा। संघ भवन में आरएन सिंह की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। साथ ही मुंबई महानगर क्षेत्र, कल्याण और मीरा-भायंदर में संघ के दो नए भवन बनाए जाएंगे इन भवनों के बन जाने से उत्तर भारतीय सहित अन्य समाज के लोगों को किफायती दरों पर बेटियों की शादी के लिए भवन उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही नए भवन के उद्घाटन के अवसर पर पांच हजार महिलाओं को साड़ी वितरण किया जाएगा। इसके अलावा संघ की तरफ से सामूहिक विवाह सम्मेलन भी आयोजित किये जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि हम समाज के आखिरी पंक्ति के लोगों के लिए काम करना चाहते हैं। बुधवार को दिनभर उन्हें बधाई देने वालों का ताँता लगा रहा। संतोष आरएन सिंह ने समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।