ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

उद्धव पर स्मिता ठाकरे का तंज- तुम वारिस तो फिर हम कौन हैं? सीएम शिंदे की तारीफ

मुंबई: दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की बहू स्मिता ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट को अपना समर्थन दिया है। स्मिता ठाकरे की जयदेव ठाकरे से शादी हुई थी, हालांकि, अब दोनों में तलाक हो चुका है। स्मिता ने ‘मुक्ती फाऊंडेशन और वीर सेनानी फाऊंडेशन’ के संयुक्त कार्यक्रम में उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए एकनाथ शिंदे की तारीफ की है। स्मिता ठाकरे ने कहा कि हमें ऐसा ही मुख्यमंत्री चाहिए था।
राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर स्मिता ठाकरे ने यह बात कही। मंच से ही स्मिता ठाकरे ने एकनाथ शिंदे की तारीफों के पुल भी बांधे। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के लाडले सीएम हैं। वो हमेशा काम करते रहते हैं। वो नींद की परवाह नहीं करते और वक्त नहीं देखते, उनके दिमाग मे सिर्फ काम करना ही चलता है। स्मिता ठाकरे ने कहा कि एकनाथ शिंदे सिर्फ तीन घंटे ही सोते हैं। उनका दिन बहुत जल्दी शुरू होता है और खत्म घंटों बाद। उनके काम में स्पीड है इसलिए वो सबके प्रिय मुख्यमंत्री हैं।

उद्धव ठाकरे को घेरते हुए उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे, इतनी योजनाओं पर काम करते हैं। महिलाओं और बच्चों के लिए काम करते हैं। यह सब कोई आसान काम नहीं हैं। मैं एकनाथ शिंदे को काफी सालों से जानती हूं। जब उन्हें बालासाहेब के एक सिपहसालार के रूप में जाना जाता था तब से। आज उन्होंने 12×12 एक छोटे से कमरे से लेकर वर्षा बंगले तक का सफर तय किया है। यह कोई आसान बात नहीं है। इसके लिए उन्होंने बहुत मेहनत की है। इसी वजह से आज वो राज्य के मुख्यमंत्री हैं। सिर्फ वारिस-वारिस कहने से काम नहीं चलता। अगर तुम वारिस हो तो फिर हम लोग कौन हैं?

संस्था के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्मिता ठाकरे ने आगे कहा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जमीनी स्तर पर काम किया है। लोगों की समस्या जानने के लिए खुद जनता के बीच जाते हैं। उनकी तकलीफों का हल ढूंढते हैं। वो अपने सहयोगियों को जनता के लिए काम करने को कहते हैं। लोगों का काम ठीक से और समय से पूरा हो, इस बात का भी ध्यान देते हैं। यह सब मैंने बहुत करीब से देखा है। जब साहेब कहते थे कि कोई भी काम हो तो एकनाथ शिंदे को बोल दो, हो जाएगा। स्मिता ठाकरे ने कहा कि एकनाथ शिंदे एक सच्चे शिवसैनिक हैं।