महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

उद्धव सरकार में तीन महिला विधायक बनीं मंत्री, वर्षा गायकवाड को शालेय शिक्षण

वर्षा गायकवाड को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ उत्तर भारतीय नेता राकेश पांडेय, राधेश्याम गुप्ता, अकरम खान, यासीन भाई…

मुंबई: महाराष्ट्र में महा-विकास अघाड़ी सरकार के मंत्रिमंडल का 30 दिसंबर को विस्तार हुआ जिसमें तीन महिलाओं को भी शपथ दिलायी गयी। शपथ ग्रहण करने वालों में कांग्रेस की दो और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से एक महिला विधायक शामिल हैं। कांग्रेस पार्टी से वर्षा गायकवाड और यशोमति ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया जबकि राकांपा की अदिति तटकरे को राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई।
शिवसेना के 56 विधायकों में यामिनी जाधव और लता सोनवणे-दो महिला विधायक हैं लेकिन उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला। राकांपा की अदिति तटकरे, सुनील तटकरे की बेटी हैं। वह राज्य के एक तटीय क्षेत्र श्रीवर्धन विधानसभा सीट से पहली बार चुनी गई हैं।
उच्च शिक्षा प्राप्त कांग्रेस की वर्षा गायकवाड मुंबई की मूल निवासी हैं और उन्हें एक तेज और आक्रामक नेता के रूप में जाना जाता है। वर्षा, वर्तमान मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष व पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड की बेटी हैं। उन्हें महाराष्ट्र का शालेय शिक्षण मंत्री बनाया गया है। उन्हें बधाई देने वाला का ताँता लगा है।
कांग्रेस की यशोमति एक वकील हैं, उन्होंने विदर्भ क्षेत्र से चुनाव जीता है। कांग्रेस पार्टी में कुल 44 विधायकों में से पांच महिला विधायक हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पास कुल 54 विधायक हैं जिसमें दो महिला विधायक हैं।